नहर में गिरने से दो मासूम बच्चों की मौत, बृहस्पतिवार शाम से थे लापता

शामली। गढ़ीपुख्ता क्षेत्र के गांव धनेना में दो मासूम बच्चों की नहर में गिरने से मौत हो गई। दोनों बच्चे बृहस्पतिवार शाम से लापता थे। परिजन उन्हें तलाश कर रहे थे। शुक्रवार को दोनों के शव नहर की झाल में फंसे मिले।

धनेना निवासी निवासी कंवरपाल का 7 वर्षीय पुत्र हिमांशु व जगपाल का 8 वर्षीय पुत्र राम भरोसे बृहस्पतिवार की शाम गांव के अन्य बच्चों के साथ नहर के पास घूमने गए थे। देर शाम तक जब बच्चे घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश की। अन्य बच्चों से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि वह नहर की झाल के पास गए थे। जिस पर परिजनों ने देर रात झाल पर बच्चों की तलाश की।

सुबह दोनों बच्चों के शव झाल में फंसे दिखे। सूचना पर पहुंचे एसआई कमल किशोर, दीवान परविंदर सिंह व गुलफाम ने ग्रामीणों की मदद से बच्चों को नहर से बाहर निकलवाया। बच्चों को मृत देख परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर गढ़ी पुख़्ता पुलिस भी मौके पर पहुंची। उधर, परिजनों ने किसी भी कार्रवाई से इनकार करते हुए बिना पोस्टमार्टम शव अपने साथ ले गए।

advertisement at ghamasaana