आगरा। टी-20 विश्व कप में पाकिस्तान की जीत पर जश्न मनाने के आरोपी कश्मीरी छात्रों के खिलाफ पुलिस मजबूत साक्ष्य जुटा रही है। व्हाट्स एप स्टेट्स पर डाले गए वीडियो की सीडी बनाई गई है। वही चैटिंग के भी स्क्रीन शाट लिए गए हैं। इनकी सीडी बनाकर फोरेंसिक साइंस लैब भेजा जाएगा। वहीं लैब से यह भी रिपोर्ट ली जाएगी कि व्हाट्स एप का प्रयोग किस आईपी एड्रेस से हुआ।
आरबीएस कालेज के इंजीनियरिंग संकाय, बिचपुरी के छात्र अरशीद यूसुफ, इनायत अल्ताफ शेख और शौकत अली गनी ने पाकिस्तान की जीत पर जश्न मनाया। देश विरोधी गतिविधि भी की। उन्होंने व्हाट्स एप पर स्टेटस डाला था। इसमें कश्मीर को अपना देश बताया था। यह मामला संज्ञान में आने के बाद तीनों छात्रों को कालेज प्रबंधन ने निलंबित कर दिया था। मामले में भाजयुमो पदाधिकारी गौरव राजावत ने मुकदमा दर्ज कराया था। इसमें राजद्रोह, साइबर आतंकवाद सहित अन्य धारा लगाई गईं।
आरोपी छात्रों को जेल भेजा जा चुका है। सीओ लोहामंडी सौरभ सिंह ने बताया कि मुकदमे में ठोस साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। व्हाट्स स्टेटस पर डाले गए वीडियो और चैटिंग की सीडी बनवा ली गई है। इनको फोरेंसिक साइंस लैब भेजा जाएगा। एफएसएल की साइबर यूनिट से रिपोर्ट ली जाएगी कि व्हाट्स एप किस आईपी एड्रेस से चल रहा है। रिपोर्ट जल्द से जल्द मंगाई जाएगी। इसके बाद चार्जशीट लगाई जाएगी। उधर, तीनों छात्रों को जेल की विशेष बैरक में रखा गया है। उनकी कोरोना जांच रिपोर्ट भी निगेटिव आई है।
जिला जेल में बंद तीनों कश्मीरी छात्रों की पैरवी में जम्मू कश्मीर स्टूडेंट एसोसिएशन आगे आई है। एसोसिएशन छात्रों को माफी देने के लिए पीएम को पत्र भेजेगी। छात्रों के परिजनों ने एसोसिएशन के सदस्यों से मदद मांगी थी। इस पर एसोसिएशन ने दिल्ली की एक संस्था से संपर्क किया। संस्था ने मथुरा के अधिवक्ता से संपर्क कराया। अब अधिवक्ता सोमवार को आगरा आ सकते हैं।

