मुंबई। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) मुंबई के क्षेत्रीय निदेशक समीर वानखेड़े को क्रूज ड्रग्स केस मामले की जांच से हटा दिया गया है। इस मामले में शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को एनसीबी ने गिरफ्तार किया था। एनसीपी प्रवक्ता व मंत्री नवाब मलिक के दामाद समीर खान की जांच भी उनसे ले ली गई है।
दिल्ली स्थित एनसीबी की ऑपरेशनल टीम के प्रमुख संजय सिंह के नेतृत्व में अब इनकी जांच होगी। एनसीबी के दक्षिण पश्चिम क्षेत्र के उप महानिदेशक मुथा अशोक जैन ने कहा है कि आर्यन सहित कुल 6 केसों की जांच वानखेड़े से ले ली गई है। उन्होंने इन सभी केसों में अंतरराज्यीय कोण होने का दावा करते हुए कहा कि प्रशासनिक वजहों से अब इनकी जांच दिल्ली एनसीबी करेगी ताकि समन्वय में परेशानी न हो। वानखेड़े को केसों की जांच से हटाए जाने पर मलिक ने ट्वीट किया, ऐसे 26 केस हैं, जिनमें जांच की जरूरत है।
यह तो सिर्फ शुरुआत है। इस सिस्टम को साफ करने के लिए बहुत कुछ करने की जरूरत है और हम यह करेंगे। वहीं, वानखेड़े ने कहा कि मुझे जांच से हटाया नहीं गया है। कोर्ट में याचिका देकर मैंने इसकी जांच केंद्रीय एजेंसी से कराने की मांग की थी। इसलिए आर्यन और समीर खान केस की जांच अब दिल्ली एनसीबी की एसआईटी करेगी।

