बसपा नेताओं ने विधानसभा का टिकट देने के मांगे 2.30 करोड़ रुपये, ऑडियो क्लिप जारी

BSP

आगरा। अलीगढ़ में बसपा नेता डॉ. मेहराज अली ने पार्टी के नेताओं पर शहर विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ने के लिए टिकट देने के बदले 2 करोड़ 30 लाख रुपये मांगने का आरोप लगाया। डॉ. मेहराज अली के वीडियो और बसपा नेताओं की बातचीत की ऑडियो क्लिप सामने आई हैं।

एक ऑडियो क्लिप में जिलाध्यक्ष रतनदीप ने पूर्व सांसद मुनकाद अली का हवाला देकर कहा, अब अगर टिकट चाहिए तो दोबारा से पार्टी की रवायतों का पालन करना होगा। 12 मिनट 44 सेकंड की इस क्लिप में जिलाध्यक्ष और डॉ. अली के बीच बहस हो रही है। दूसरी और तीसरी ऑडियो क्लिप में डॉ. मेहराज अली और बसपा नेता रणवीर सिंह कश्यप के बीच बातचीत है, जिसमें पूरा मामला बैठ कर सुलझाने की बात होती है। ये दोनों क्लिप 3 मिनट 04 सेकंड और 1 मिनट 04 सेकंड की हैं।

बकौल, डॉ. मेहराज, अब उनसे 2.30 करोड़ रुपये और मांगे गए हैं, अन्यथा पार्टी की ओर से इतना खर्च करने पर किसी और को टिकट देने की बात कह दी गई है। वर्ष 2018 में पार्टी के कोऑर्डिनेटर रहे रणवीर सिंह कश्यप, महेश चौधरी और अन्य नेताओं के भरोसे पर ही उन्होंने 80 लाख रुपये खर्च कर दिए थे। इस बारे में रणवीर सिंह कश्यप, मुख्य सेक्टर प्रभारी का कहना है कि पार्टी की व्यवस्था के तहत टिकट का वितरण होता है। डॉ. अली राजनीतिक घटनाओं को समझ नहीं पा रहे हैं। वह जो आरोप लगा रहे हैं, तीन साल बाद उसका कोई मतलब नहीं है। पार्टी ने अभी तक छर्रा विधानसभा के अलावा कोई प्रत्याशी घोषित नहीं किया है।

उधर बीएसपी के जिलाध्यक्ष रतनदीप सिंह का कहना है कि मैं सितंबर 2020 में जिलाध्यक्ष बना हूं, तब से अभी तक डॉ. मेहराज अली पार्टी में सक्रिय नहीं है। पहले क्या हुआ, ये नहीं जानता, लेकिन शहर सीट से अब तक कोई प्रत्याशी घोषित नहीं है। डॉ. अली ने किसको क्या दिया है, यह वही बेहतर बता सकते हैं।

advertisement at ghamasaana