मुज़फ्फरनगर। पश्चिमी उत्तरप्रदेश में बारिश जमकर बरपा रही है। पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। मुजफ्फरनगर क्षेत्र के मिमलाना गांव में मकान गिरने से एक ही परिवार के दो बच्चों की मौत हो गई। वहीं परिवार के चार सदस्य घायल हो गए है। घायलों को अस्पताल मंे भर्ती कराया गया है।
एसडीएम सदर परमानंद झा ने बताया कि बारिश के दौरान आश मोहम्मद का मकान गिर गया, जिस कारण परिवार मलबे में दब गया। हादसे में शोएब 14 पुत्र आश मोहम्मद और शना 11 पुत्री आश मोहम्मद की मौत हो गई। वहीं सलमा 40 पत्नी आश मोहम्मद, शानू 21पुत्र आश मोहम्मद, जुनैद 10 पुत्र आश मोहम्मद, कलसुम 05 पुत्री आश मोहम्मद गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इन सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उधर, बागपत के दोघट थाना क्षेत्र के मिलाना गांव में मकान की दीवार भरभरा कर गिर गई। जिससे मकान में सो रहे लोग मलबे के नीचे दब गए। इसमें एक महिला की हालत गम्भीर बनी हुई है। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर लोगों को बाहर निकाला। दो भेड़ों की मौत हो गई है। ग्रामीणों की सूचना के बाद भी कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने डीएम बागपत से शिकायत करने की बात कही है।

