बागपत। जिला महिला अस्पताल में चिकित्सकों पर खून की जांच गलत करने का आरोप है। इसके अलावा गर्भवती का उपचार नहीं करने के कारण बच्चे की गर्भ में मौत होने का आरोप लगाया गया है। इसकी शिकायत सीएमओ से की गई है।
बागपत में कोर्ट रोड पर रहने वाले जगबीर सिंह का आरोप है कि वह अपनी पत्नी ममता को प्रसव पीड़ा होने पर जिला महिला अस्पताल लेकर गया था। जहां उसकी पत्नी की खून की जांच कराई गई जो ओ पॉजीटिव बताई गई। आरोप है कि उनको कई घंटे तक बैठाए रखा और उसकी पत्नी का उपचार तक नहीं किया गया।
उसके बाद पत्नी को किसी अन्य जगह लेकर जाने के लिए कह दिया गया। वह पत्नी की हालत बिगडऩे पर अन्य जगह लेकर गया तो वहां खून की जांच कराने पर पता चला कि उसकी पत्नी का ब्लड ग्रुप बी पॉजीटिव है और अस्पताल में गलत जांच की गई। वहीं उसकी पत्नी ने मरे हुए बच्चे को जन्म दिया। आरोप है कि महिला अस्पताल की चिकित्सकों के उपचार नहीं करने से लापरवाही के कारण गर्भ में बच्चे की मौत हुई है। इसकी शिकायत सीएमओ से की गई है।

