बागपत । बडौत के ढिकाना गांव में बुधवार की देर रात शराब पीने से मना करने पर शराबी बेटे ने वृद्ध पिता की ईंट पत्थरों से मारकर हत्या कर दी और फरार हो गया। मामले की जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस बेटे को ढूंढ रही है।
ढिकाना गांव निवासी धर्मपाल 70 पुत्र कर्म सिंह का बेटा बिट्टू शराब पीने का आदी था। वह अक्सर शराब पीने को लेकर वह घर व मौहल्ले में गाली.गलौज करता रहता था। जिसका धर्मपाल अक्सर विरोध करता था। बुधवार देर रात्रि भी बिट्टू घर पर बैठकर शराब पी रहा था। बिट्टू को धर्मपाल ने रोका तो बिट्टू ने गाली गलौज शुरू कर दी और पिता को पीटना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं शराब के नशे में बिट्टू ने एक भारी पत्थर व ईटों से पिता के चेहरे को बुरी तरह से कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई । घटना के बाद आरोपी घर से फरार हो गया।
इस घटना की जानकारी उस समय लगी, जब गांव का ही एक युवक सचिन अपने पड़ोसी बिट्टू के घर गया था। वहां पर बिट्टू तो नहीं मिला, लेकिन बिट्टू के पिता धर्मपाल का शव जमीन पर पड़ा था। उसके चेहरे पर चोट के निशान थे। सचिन ने यह जानकारी बिट्टू के भाई जितेंद्र को दी, जिसके बाद जितेंद्र ने थाना पुलिस को घटना से अवगत कराया।
सीओ युवराज सिंह ने बताया कि जितेंद्र की सूचना पर पुलिस बल को लेकर वह मौके पर पहुंचे और घटना की जांच पड़ताल की। तो जानकारी मिली कि मरने वाले व्यक्ति धर्मपाल उम्र 70 साल ढिकाना गांव का रहने वाला था। उसके छह बेटे हैं जो गांव में रहते हैं। धर्मपाल अपने बेटे बिट्टू के पास रहता था।
घटना के बाद से ही बिट्टू लापता है उसका फोन बंद आ रहा है। धर्मपाल के चेहरे पर किसी वस्तु से प्रहार का निशान है। पुलिस ने धर्मपाल के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है, जबकि बिट्टू की तलाश शुरू कर दी है। इस घटना में मृतक के बडे बेटे राममेहर पुत्र धर्मपाल बेटे ने अपने भाई बिट्टू के खिलाफ नामजद तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया।

