50 हजार का इनामी थाने पहुंच बोला मुझे गिरफ्तार करो, पुलिस बोली नहीं कर सकते

bagpat crime news

बागपत। अपहरण के मामले में वांछित 50 हजार का इनामी बदमाश शुक्रवार को सरेंडर करने बागपत कचहरी में पहुंच गया। जहां पुलिस ने उसे गिरफ्त‌ार करने के लिए मना कर दिया। जिसपर वकीलों ने हंगामा भी किया कि बदमाश को पुलिस पकड़ नहीं रही है और इसको लेकर घंटों तक जद्दोजहद चलती रही। वहां घंटों खींचतान के बाद बदमाश भाग गया।

कचहरी में शुक्रवार शाम को वकील के साथ एक बदमाश सरेंडर करने पुलिस के पास पहुंचा। पुलिस ने उसे अपने यहां से वांछित न होने की बात कहते हुए नहीं पकड़ा। जिसपर बदमाश ने अपना नाम अरमान निवासी हसनपुर कलां थाना किठौर जिला मेरठ बताया। उसने पुलिस को बताया कि उसपर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित है और उसे गिरफ्तार कर लिया जाए। इसके बाद भी पुलिस ने उसे पकड़ने से इंकार कर दिया।

बताया गया कि बुलंदशहर के खुर्जा से एक व्यापारी राजकुमार का पिछले महीने अपहरण हुआ था। उस अपहरण में यह बदमाश शामिल थाए जिसमें तीन बदमाश पकड़े गए है। लेकिन वह नहीं पकड़ा जा सका और उसपर 50 हजार रुपये इनाम घोषित कर दिया था। उसने कहा कि पुलिस उसको पकड़कर एनकाउंटर कर सकती हैए इसलिए वह बचने के लिए बागपत कचहरी पहुंच गया। वह किसी तरह गिरफ्तार होकर जेल जाने की फिराक में था।

पुलिस के उसे गिरफ्तार करने से इंकार करने पर कुछ अधिवक्ताओं ने एकत्रित होकर हंगामा किया और पुलिस पर 50 हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार नहीं करने का आरोप लगाया। बदमाश को एसपी आवास के सामने भी वकील लेकर पहुंचे और वहां भी पुलिस के साथ उनकी काफी नोकझोंक हुई। इसके बावजूद पुलिस ने उसे अपने यहां से वांछित नहीं होने की बात कहते हुए पकड़ने से इंकार कर दिया। इस तरह करीब एक घंटे तक खींचतान चलती रही और बदमाश वहां से भाग गया।

advertisement at ghamasaana