भडक़ाऊ भाषण के मामले में सईदुज्जमां कोर्ट में पेश, पूर्व सांसद कादिर राना ने लगाई हाजिरी माफी

kadir rana

मुजफ्फरनगर। कवाल कांड के बाद शहर के शहीद चौक पर हुई जनसभा में भडक़ाऊ भाषण देने के मामले में पूर्व गृह राज्यमंत्री सईदुज्जमां कोर्ट में पेश हुए। पूर्व सांसद कादिर राना ने अधिवक्ता के माध्यम से हाजिरी माफी प्रार्थना पत्र दिया।

कवाल कांड़ के बाद 30 अगस्त को शहर कोतवाली क्षेत्र के शहीद चौक पर जुमे की नमाज के बाद मुस्लिम समाज के लोगों ने सभा का आयोजन किया था। तत्कालीन डीएम कौशलराज शर्मा और एसएसपी सुभाष चंद दुबे को मांगपत्र सौंपा गया था। पुलिस की ओर से भडक़ाऊ भाषण के एक मामले में पूर्व गृह राज्यमंत्री सईदुज्जमां समेत 10 आरोपियों को नामजद करते हुए मुकदमा दर्ज कराया गया था।

यह प्रकरण सिविल जज सीनियर डिवीजन की अदालत में चल रहा है। बृहस्पतिवार को सईदुज्जमां समेत छह आरोपी कोर्ट में पेश हुए। आरोपी पूर्व सांसद कादिर राना, पूर्व विधायक नूर सलीम राना समेत चार आरोपियों ने कोर्ट में हाजिरी माफी का प्रार्थना पत्र दिया। अगली सुनवाई 17 नवंबर को होगी।

पुरकाजी के रालोद विधायक अनिल कुमार ने अदालत में पेश होकर गैर जमानती वारंट रिकॉल कराए हैं। 2017 विधानसभा चुनाव नामांकन के दौरान आचार संहिता उल्लंघन का मुकदमा दर्ज किया गया था। विधायक सिविल जज सीनियर डिवीजन मयंक जायसवाल की कोर्ट में पेश हुए। अगली सुनवाई के लिए 14 नवंबर की तिथि निर्धारित की गई है।

advertisement at ghamasaana