सहारनपुर । गंगोह के गांव खानुपर गुर्जर में दो जनवरी से लापता चार वर्षीय बालक लक्ष्य का शव गांव में ही एक ईख के खेत से बरामद हुआ। बालक का शव मिलने की सूचना पर वहां ग्रामीणों की भीड लग गई। सूचना मिलने पर एसएसपी डा. विपिन ताडा भी फारेंसिक टीम और कई थानों की फोर्स सहित मौके पर पहुंचे। बालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। उधर बालक की मौत की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया है।
गांव खानपुर गुर्जर निवासी राजकुमार का 4 वर्षीय पुत्र लक्ष्य 2 जनवरी की शाम अपने घर के बाहर से खेलते हुए अचानक लापता हो गया था। परिजनों ने काफी तलाश करने के बाद कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने गोताखोरो की मदद से गांव के तालाब में बालक की तलाश करने के साथ ही तलाशी अभियान तक चलाया था लेकिन बालक का कोई सुराग नही लग सका था। परिजनों को किसी अनहोनी की आशंका सता रही थी।
मंगलवार सुबह 11 बजे गांव निवासी रियासत अपने ईख के खेत में घुसे हुए आवारा पशुओं को भगा रहा था। तभी उसकी नजर बालक के शव पर पडी। उसने इसकी सूचना अन्य ग्रामीणों और पुलिस को दी। सीओ अवितेश सिंह और कोतवाली प्रभारी जसबीर सिंह मौके पर पहुंचे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डा. विपिन ताडा भी वहां पहुंचे और उनके निर्देशन में फारेंसिक टीम ने जांच पडताल की। एसएसपी ने बताया कि शव कुछ दिन पुराना लग रहा है। मौत के कारण का पता पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। उसके आधार पर ही अग्रिम कार्रवाई होगी। मृतक लक्ष्य चार बच्चों में सबसे छोटा था। उसके दो भाई और एक बहन है।

