बिजनौर में खनन से भरे ट्राॅले का टाॅयर फटने से महिला की मौत

bijnor news

बिजनौर।। नांगल-चंदक मार्ग पर खनन से भरे ट्राॅले का टायर फटने से एक महिला की मौत हो गई। खनन से भरा ट्रैक्टर ट्राॅली मार्ग पर ही पलट गया। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भिजवा दिया।

नांगल चंदक मार्ग पर गांव हरचंदपुर के पास रेत बजरी से भरा ट्रैक्टर गुजर रहा था। करीब 300 क्विंटल रेत बजरी से भरे ट्राॅले का अचानक टायर फट गया। ट्राॅले के पास से गुजर रही गांव हरचंदपुर निवासी 55 वर्षीय शीला देवी पत्नी स्वर्गीय रामपाल सिंह उसकी चपेट में आ गई। हादसे में महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

टायर फटने से रेत बजरी से भरी ट्रैक्टर ट्राॅली मार्ग पर ही पलट गई। घटना की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सूचना पर नांगलसोती थानाध्यक्ष श्यामवीर सिंह, एसएसआई योगेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।

पुलिस ने महिला का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेज दिया। उधर पुलिस ने जेसीबी के माध्यम से ट्रैक्टर ट्राॅली को मार्ग से हटवाया और कब्जे में ले लिया। पुलिस की ओर से मामले में कार्रवाई की जा रही है।

advertisement at ghamasaana