देहरादून। टेलीविजन अभिनेत्री निकिता शर्मा ने रुद्रप्रयाग में शिव-पार्वती की विवाह स्थली त्रियुगीनारायण मंदिर में विवाह किया है। इगास के पावन पर्व पर उन्होंने मंदिर में अखंड विवाह वेदी में रोहनदीप सिंह के साथ साथ फेरे लिए। इस मौके उनके परिवार और अन्य करीबी लोग मौजूद थे। विवाह के उपरांत सोशल मीडिया पर निकिता ने शादी की फोटो साझा करते हुए लिखा है कि महादेव के आशीर्वाद से जीवन की नई शुरूआत कर रही हूं।

उत्तराखंड की रहने वाली निकिता 11 नवंबर को अपने परिवार के साथ त्रियुगीनारायण मंदिर पहुंची थी। यहां पर इगास के पर्व पर विवाह की उन सभी परंपराओं का निर्वहन करते हुए उन्होंने रोहनदीप सिंह के साथ शादी रचाई, जो इस मंदिर से जुड़ी हुई हैं। सप्तवेदी में पुरोहित गिरीश कुर्मांचली ने दुल्हा-दुल्हन की सात फेरे की रश्म पूरी कराई। साधे समारोह के बीच हुए इस विवाह आयोजन में दुल्हन निकिता ने लाल रंग की साड़ी पहनी हुई थी। इसके उपरांत नवदंपति ने त्रियुगीनारायण मंदिर में भगवान विष्णु, शिव-पार्वती और बामन देवता की पुजारी संजय जमलोकी के माध्यम से विशेष पूजा-अर्चना कराते हुए आशीर्वाद लिया।

मंदिर के पुजारी व रवि ग्राम निवासी संजय जमलोकी ने बताया कि विवाह आयोजन में दोनों वर-बधू पक्ष परिवार के सदस्यों के साथ उनके खास सगे-संबंधी ही मौजूद थे। विवाह के उपरांत 15 नवंबर की सुबह ये लोग यहां से रवाना हो गए थे। सोशल मीडिया पर निकिता के अपनी शादी की फोटो साझा करने के बाद उन्हें खूब बधाई संदेश मिल रहे हैं। बता दें कि इससे पूर्व त्रियुगीनारायण मंदिर में टीवी अभिनेत्री कविता कौशिक (चंद्रमुखी चौटाला) और उत्तराखंड के उच्च शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत सहित अन्य कई लोग विवाह कर चुके हैं।

इन सीरियल में काम कर चुकी निकिता
टेलीविजन अभिनेत्री निकिता शर्मा स्वरागिनी, दो दिल एक जान, शक्ति और फिर लौट आई नागिन सीरियल में काम कर चुकी हैं।
वेडिंग डेस्टिनेशन त्रियुगीनारायण
शिव-पार्वती की विवाह स्थली त्रियुगीनारायण को वर्ष 2018 में प्रदेश सरकार ने वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की घोषणा भी की थी। लेकिन तीन वर्ष बीत जाने के बाद भी यहां मूलभूत सुविधाएं नहीं जुट पाई हैं। भले ही स्थानीय सामाजिक संगठनों के सहयोग से यहां 10 से अधिक विवाह आयोजन कराए जा चुके हैं।

