- ईंट निकालते समय हुआ हादसा, करीब 30 फीट गहरे गड्ढे में दबे थे चाचा-भतीजे रात सवा आठ बजे बच्चे को भी निकाला
सहारनपुर । बड़गांव के चिराऊ गांव में शनिवार शाम बड़ी घटना हो गई। जब नलकूप के करीब 30 फीट गहरे गड्ढे से ईंट निकालते समय मिट्टी की ढांग धंसने से किसान राजेंद्र (48) और उनका 12 वर्षीय भतीजा गौरव मलबे में दब गए। परिजनों हादसे में दोनों की मौत हो गई।
शनिवार को राजेंद्र नलकूप के गड्ढे से मजदूर के साथ ईंट निकलवा रहे थे। ऊपर से करीब पांच फीट तक ईंट निकालने के बाद दोनों गड्ढे में उतरकर नीचे से ईंट उखाड़ रहे थे। इसी दौरान राजेंद्र का भतीजा गौरव चाचा के लिए चाय लेकर खेत पर पहुंचा। राजेंद्र ने मजदूर से बाहर निकलकर चाय लाने के लिए कहा। मजदूर के गड्ढे से बाहर आते ही अचानक करीब 30 फीट गहरे गड्ढे की मिट्टी की ढांग धंस गई। राजेंद्र के साथ बाहर खड़ा गौरव भी मिट्टी के साथ गड्ढे में जा दबा।
मजदूर के शोर मचाने पर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। सूचना पर बड़गांव पुलिस भी पहुंच गई। बाद में फायर सर्विस, एंबुलेंस और जेसीबी की मदद से रेस्क्यू शुरू किया गया। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद राजेंद्र को मलबे से बाहर निकाला गया। वह अचेत अवस्था में थे। उन्हें एंबुलेंस से नानौता अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद जेसीबी से गड्ढे की मिट्टी हटाकर गौरव की तलाश जारी रही। रात करीब सवा आठ बजे पुलिस ने उसे भी अचेत अवस्था में बाहर निकाल लिया और एंबुलेंस से अस्पताल भेज दिया। उसे भी मृत घोषित कर दिया। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही।

