सहारनपुर। गंगोह के गांव ताताहेडी में किसी बात को लेकर दो सगे भाईयों में झगडा हो गया। झगडा इतना बढा कि छोटे भाई ने बडे भाई को छुरे से गोद डाला जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से आरोपी को पकड लिया। घायल हत्यारोपी को सीएचसी ले जाया गया जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मामले में तीसरे भाई ने आरोपी के खिलाफ हत्या के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव ताताहेडी निवासी रामपाल के पांच पुत्र है। इनमें से दो पुत्र गांव में एक जगह जबकि तीन पुत्र संजय, संदीप और प्रदीप गांव में दूसरी जगह पर बराबर बराबर रहते है। मृतक संदीप के भाई संजय ने कोतवाली में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया कि बुधवार देर शाम संदीप व प्रदीप कमरे में मुर्गा बना रहे थे।
इसी बीच उनमें किसी बात को लेकर विवाद हो गया और दोनो एक दूसरे से लडने लगे। दोनो लडते उसके घर में आ गए। वह अपने घर में उपरी मंजिल पर था। इतने वह नीचे आ पाता प्रदीप ने छुरे से संदीप की छाती और चेहरे पर कई वार किए और वहां से फरार हो गया।
लहुलुहान हालत में संदीप वही गिर पडा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर कोतवाली प्रभारी प्रभाकर कैंतुरा गांव पहुंचे। पुलिस ने आरोपी को भी पकड लिया। आला ए कत्ल भी बरामद कर लिया गया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि हत्यारोपी भी घायल था इसलिए उसे सीएचसी और वहां से जिला अस्पताल ले जाया गया।
बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उपचार के बाद छुटटी होने पर आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा। मृतक संदीप विवाहित था परंतु विवाद के चलते उसकी पत्नी तीन बच्चों सहित अपने मायके में रह रही है। हत्यारोपी प्रदीप अविवाहित है।

