बागपत। जिले में 28 नवंबर को होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा स्टेटिक मजिस्ट्रेट और पर्यवेक्षकों की निगरानी में होगी। इसके लिए 680 कक्ष निरीक्षक और तीन सचल दस्तों का गठन किया गया है। डीएम राजकमल यादव ने बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट सभागार में पर्यवेक्षक, केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा संबंधी निर्देश दिए।
शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए जिले में 17 केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर पहली पाली में आठ हजार 112 और दूसरी पाली में 5 हजार 785 परीक्षार्थी शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए पंजीकृत हैं। शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए 17 केंद्र व्यवस्थापक और 17 पर्यवेक्षक नियुक्त किए हैं। परीक्षा शांतिपूर्ण व नकलविहीन कराने के लिए तीन सेक्टर मजिस्ट्रेट, 29 स्टेटिक मजिस्ट्रेट व तीन सचल दस्तों का गठन कर 680 कक्ष निरीक्षक नियुक्त किए हैं।
एक सेक्टर और दो स्टेटिक मजिस्ट्रेट रिजर्व में रखे गए हैं। जिला स्तर पर परीक्षा की जानकारी के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। कोरोना संक्रमण के बचाव के लिए सभी केंद्रों में सैनिटाइजेशन कराया जाएगा। केंद्रों से 200 गज की परिधि में धारा 144 लागू रहेगी। परीक्षा से पूर्व केंद्रों के गेट पर परीक्षार्थियों की सघन तलाशी के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा। बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक रवींद्र सिंह, जयप्रकाश रुहेला, मनोज मलिक व सभी केंद्र व्यवस्थापक, पर्यवेक्षक व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

