नोएडा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को जेवर एयरपोर्ट का शिलान्यास किया। जिसके बाद जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार, प्रदेश सरकार की योजनाओं और विकास के लिए प्रतिबद्धता पर प्रकाश डाला। पीएम ने कहा कि यूपी के, देश के सभी लोगों को नोएडा एयरपोर्ट के इस भूमिपूजन की बहुत बहुत बधाई। आज इस भूमिपूजन के साथ ही जेवर भी अंतरराष्ट्रीय मानक की तरफ बढ़ गया है। इसका बहुत बड़ा लाभ दिल्ली एनसीआर व पूरे देश को होगा। इसके लिए पूरे देश को बधाई देता हूं।
कहा कि 21वीं सदी का भारत एक से एक आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण कर रहा है। बेहतर सड़क, एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन का निर्माण हो रहा है। ये सभी लोगों का जीवन बदलकर रख देते हैं। सभी वर्ग का जीवन इससे प्रभावित होता है और इससे बहुत लाभ मिलता है। इन प्रोजेक्ट की ताकत और बढ़ जाती है जब इनके साथ लास्ट माइल कनेक्टिविटी हो। नोएडा एयरपोर्ट कनेक्टिविटी की दृष्टि से भी बेहतरीन मॉडल बनेगा। रेलवे से लेकर मेट्रो तक हर तरह के मोड से कनेक्ट होगा।
पीएम ने कहा कि नोएडा पूरे उत्तर भारत का लॉजिस्टिक गेटवे बनेगा। आज जिस तेजी से एविएशन क्षेत्र में बढ़ोतरी हो रही है उनके लिए भी नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की बहुत बड़ी भूमिका होगी। यह एयरपोर्ट विमानों के रखरखाव, देखभाल व मेंटेनेंस का केंद्र बनेगा, जो देश-विदेश के विमानों को सेवा देगी और देश के युवाओं को रोजगार देगी।
कहा कि आज भी हम अपने 85 प्रतिशत विमानों को एमआरओ सेवा के लिए विदेश भेजते हैं जिसमें 15000 करोड़ रुपये खर्च होते हैं। जिसका अधिकांश हिस्सा दूसरे देशों को जाता है लेकिन ये एयरपोर्ट इस स्थिति को भी बदलने में मदद करेगा। इस एयरपोर्ट के माध्यम से मल्टीमीडिया कार्गो हब की भी संकल्पना पूरी हो रही है। हम सभी ये जानते हैं जिन राज्यों की सीमा समुद्र से सटी होती है उनके लिए बंदरगाह सबसे बड़ी ताकत होती है, लेकिन यूपी जैसे राज्यों के लिए यही भूमिका एयरपोर्ट की होती है।
पीएम ने कहा, यह एयरपोर्ट एक्सपोर्ट के लिए अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से सीधा जुड़ेगा। छोटे किसान यहां से सीधे जल्द खराब होने वाले वस्तुओं को एक्सपोर्ट कर सकेंगे। सभी आसपास के जिलों को एक्सपोर्ट के लिए बहुत लाभ होगा। हवाई अड्डे के निर्माण के दौरान सुचारू रूप से चलाने के लिए हजारों लोगों की जरूरत होती है जिससे उन्हें रोजगार मिलेगा। हमने इस सोच को बदला कि दिल्ली में एयरपोर्ट है लेकिन अन्य आसपास के जिलों को भी एयरपोर्ट चाहिए। एयर कनेक्टिविटी बढ़ने से टूरिज्म बढ़ता है। जैसे माता वैष्णो देवी और चारधाम में हेलिकॉप्टर सेवा आने से वहां टूरिज्म बढ़ा है। आजादी के सात दशक बाद यूपी को वो मिलना शुरू हुआ है जिसका वो हकदार रहा है।
कहा कि डबल इंजन की सरकार से यूपी देश का सबसे विकसित राज्य बन रहा है। रैपिड रेल कॉरिडोर हो, मेट्रो रेल कनेक्टिविटी हो, डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर हों यह आधुनिक यूपी की नई पहचान बन रहे हैं। यूपी को ताने सुनने के लिए मजबूर कर दिया गया था। कभी गरीबी, कभी उद्योगों के अभाव के ताने, खराब सड़कों के ताने, अपराध के ताने। यूपी के लोगों का यही सवाल था कि क्या कभी यहां की सकारात्मक छवि बन पाएगी या नहीं। पहले की सरकार ने यूपी में जो अभाव अंधकार बनाए रखा, झूठे सपने दिखाए, वही यूपी आज अंतरराष्ट्रीय छाप छोड़ रहा है।
यह एयरपोर्ट दिल्ली-एनसीआर के महत्वपूर्ण शहरों के केंद्र में है। यह दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट से 72 किलोमीटर, नोएडा से 40 किलोमीटर, ग्रेटर नोएडा से 28 किलोमीटर, आगरा से 130 किलोमीटर, मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक हब दादरी से 40 किलोमीटर, फरीदाबाद से 40 किलोमीटर, गुरुग्राम से 65 किलोमीटर, गाजियाबाद से 40 किलोमीटर और अलीगढ़ से 45 किलोमीटर की दूरी पर है।
सभी दिशाओं में होगी सड़कों से कनेक्टिविटी
ग्रेटर नोएडा से आगरा तक यमुना एक्सप्रेसवे और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे जो पलवल, मानेसर, गाजियाबाद, बागपत, मेरठ को जोड़ता है। इसके अलावा पलवल से खुर्जा का प्रस्तावित एक्सप्रेसवे, नोएडा से ग्रेटर नोएडा की ओर प्रस्तावित सड़क। साथ ही, बल्लभगढ़ से जेवर तक नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया की एक योजना प्रस्तावित है।
मेट्रो और हाईस्पीड ट्रेन से भी जुड़ेगा एयरपोर्ट
एयरपोर्ट के लिए मेट्रो की विस्तार लाइन भी प्रस्तावित है। इसे एक्वा लाइन से जोड़ने की योजना है। एक्वा लाइन पहले से ही ग्रेटर नोएडा में मौजूद है। बस उसे एयरपोर्ट तक लेकर जाना है। इसके अलावा दिल्ली से वाराणसी के लिए एक बुलेट ट्रेन प्रस्तावित है, जो नोएडा के सेक्टर-142 और जेवर में रुकते हुए जाएगी।

