- 60 मीटर लंबा तिरंगा रहा आकर्षण का केंद्र
- हजारों स्वयंसेवकों, छात्रों, शिक्षकों, प्रशासनिक अधिकारियों और नगरवासियों ने लिया हिस्सा
गोंडा। भारतीय संविधान दिवस पर शहर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। 60 मीटर लंबे इस तिरंगा यात्रा में स्वयंसेवक, शिक्षक, छात्र छात्राएं, प्रशासनिक अधिकारी और नगरवासियों ने भाग लिया। तिरंगा यात्रा का शुभारंभ लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय से हुआ। इस मौके पर जिलाधिकारी मार्कंडेय शाही ने लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय में संविधान समारोह और शहीदे आजम भगत सिंह इंटर कॉलेज में मतदाता जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया।

भारतीय संविधान दिवस पर तिरंगा यात्रा का शुभारंभ गाय़त्री पुरम कॉलोनी से हुआ, जो एलबीएस महाविद्यालय से निकाले जा रहे मुख्य तिरंगा यात्रा में शामिल हुआ। इस मौके पर महाविद्यालय में भारतीय संविधान पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें जिलाधिकारी ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र की जड़ें बहुत मजबूत और गहरी हैं। प्रबंध समिति की उपाध्यक्ष वर्षा सिंह ने संविधान स्थल के लोकार्पण के लिए महाविद्यालय प्रबंधन, प्रशासन और प्रवक्ता डॉ शैलेन्द्र नाथ मिश्र की प्रशंसा की।
प्राचार्य डॉ रवींद्र कुमार पांडेय ने संविधान की विशेषताओं पर प्रकाश डाला। डॉ शैलेंद्र नाथ मिश्र ने कहा कि हमारा संविधान सहस्त्रों वर्षों की महान परंपरा और अखंडता की अभिव्यक्ति है। इसलिए हमारे लिए संविधान के प्रति समर्पण आवश्यक है।
संविधान दिवस पर एलबीएस महाविद्यालय द्वारा संविधान स्थल का लोकार्पण किया गया। इस मौके पर जिलाधिकारी, प्रबंध समिति की उपाध्यक्ष वर्षा सिंह, प्रबंध समिति के सचिव उमेश शाह, प्राचार्य प्रो रवींद्र कुमार पांडेय, शोध केंद्र के प्रभारी और संविधान विषयक कार्यक्रम के सूत्रधार डॉ शैलेन्द्र नाथ मिश्र, मुख्य नियंता डॉ जितेंद्र सिंह, डॉ राम समुझ सिंह, वागर्थ मिश्र, स्वयंसेवक और छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।
इससे पूर्व गायत्रीपुरम कॉलोनी में संविधान दिवस पर तिरंगा यात्रा निकाली गई। इसमें डॉ शैलेंद्र नाथ मिश्र सिर पर संविधान की प्रति लेकर और वागर्थ मिश्र तिरंगा लेकर शामिल हुए।





