शामली। गंगा दशहरा पर अपने परिवार के साथ यमुना में स्नान करनेे हरियाणा के पानीपत से आई दो ममेरी बहनों की यमुना में डूबने से मौत हो गई। ममेरी बहनों की मौत पर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भर कर पीएम के लिए भेज दिए।
रविवार को गंगा दशहरा स्नान के अवसर पर हरियाणा के जनपद पानीपत के थाना मतलौडा के गांव कुराना निवासी सुल्तान व थाना मतलौडा के ही गांव कुटला निवासी सुरेश का परिवार यमुना में स्नान करने के लिए आया था। सुल्तान रिश्ते में सुरेश का साला लगता है। दोपहर करीब 2 बजे दोनों का परिवार यूपी साइड यमुना में नहा रहा था। इसी दौरान सुल्तान की 18 वर्षीय पुत्री आशु व उसके मामा की लडकी 13 वर्षीय स्नेहा यमुना कें पानी में डूबने लगी।
शोर मचाने पर गोताखोरों ने यमुना में छलांग लगा दी। काफी देर के बाद गोताखोरों ने आशु व स्नेहा के शवों को यमुना से बाहर निकाला। ममेरी बहनों की मौत पर परिजनों में कोहराम मच गया। बाद में पुलिस ने दोनो शवों का पंचनामा भर कर पीएम के लिए भेज दिए। सीओ अमरदीप मौर्य ने बताया कि दोनो किशोरियों के शवों का पंचनामा भर कर पीएम के लिए भेजे गये है।
यमुना नदी मे डूबी आशु के चाचा नरेंद्र ने बताया कि दोनों के परिवार के साथ गंगा दशहरा स्नान करने आई थी। पुल के नीचे गहरा गड्ढा बना हुआ है। जहां पर प्रशासन की ओर से गड्ढे के आसपास बेरिकेडिंग नहीं लगाई गई थी। अगर बेरिकेडिंग लगाई जाती तो युवतिया गहरे गड्ढे में डूबने से बच सकती थी। इसके अलावा उन्होंने बताया कि मौके पर कोई एंबुलेंस नहीं थी। पुलिस कर्मी अपनी गाड़ी से दोनों युवतियों को अस्पताल लाए है। जब गोताखोरों ने दोनों युवतियो को गहरे पानी से बाहर निकाला तो आशु की सांसे चली हुई थी। अगर मौके पर एम्बुलेंस होती तो उसकी जान बचाई जा सकती थी

