बस्ती । बारात जा रहे तीन युवकों की बाइक बभनान.मसकनवां मार्ग पर बिजली के खंभे से टकरा गई। जिसमें एक युवक की तो मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दो युवकों को स्थानीय लोगों ने अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने दो और युवकों को मृत घोषित कर दिया। तीन युवकों की मौत से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
बस्ती जनपद के दुबौलिया बाजार थाना क्षेत्र के निदुरी गांव के रहने वाले बुधराम गिरी के बेटे दिनेश गिरी की बारात मसकनवा आई थी। दिनेश का छोटा भाई रमेश गिरी ;21, आजमगढ़ जनपद के थाना दीदारगंज के कुदियारी गांव के रहने वाले इंद्रदेव यादव ;22 और सिकंदर यादव ;23 के साथ एक ही बाइक पर मसकनवा बारात जा रहे थे।
वह लोग जैसे ही बभनान.मसकनवा मार्ग पर करमा गांव के पास पहुंचे तो उनकी बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। जिससे रमेश गिरी की मौके पर मौत हो गई, जबकि इंद्रदेव यादव व सिकंदर यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को सीएससी छपिया ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने दोनों को भी मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष छपिया आरके सिंह ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रमेश आजमगढ़ के रहने वाले इंद्रदेव व सिकंदर के साथ मुंबई की एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। तीन मौतों से परिवार में कोहराम मच गया।

