शामली । कैराना में भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष विनीत शारदा ने कहा कि कैराना से हिंदू परिवार नहीं, बल्कि औरंगजेब, गोरी और बाबर की मानसिकता वाले लोग पलायन करेंगे। ऐसी मानसिकता वालों को पाकिस्तान चले जाना चाहिए। यहां बांटने और काटने की राजनीति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से वार्ता कर आरोपियों के विरूद्ध रासुका के तहत कार्रवाई की मांग की।
मंगलवार को मोहल्ला बिसातियान की शिवपुरी खटिकान बस्ती में भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष विनीत शारदा सामूहिक पलायन की चेतावनी देने वाले परिवारों से मुलाकात करने पहुंचे। उन्होंने शिव मंदिर में बैठकर मारपीट के शिकार नितिन कुमार से घटना के बारे में जानकारी की। इसके बाद भाजपा नेता ने कहा कि बाबू हुकुम सिंह आज हमारे बीच नहीं है, लेकिन खुद को बेसहारा न समझे।
उन्होंने कहा कि पूर्व में कैराना में व्यापारियों की हत्या की गई थी, तब भी मैं यहां हालातों को जानने के लिए आया था। उन्होंने कहा कि किसी भी हिंदू परिवार को पलायन करने की आवश्यकता नहीं है। औरंगजेब, गौरी और बाबर की मानसिकता वाले लोगों का पलायन होगा। इनका शासन नहीं है। उन्हें पाकिस्तान चले जाना चाहिए। यहां मोदी, योगी और श्रीराम का युग है। उन्होंने कहा कि यदि कोई एक अंगुली उठाएगा, तो हमारा मुक्का तैयार है।
उन्होंने कहा कि यहां सभी ईद-दीपावली साथ मिलकर मनाते हैं। कुछ लोग दूसरे के कंधे पर बंदूक रखकर राजनीति करते हैं, जिनसे सावधान रहना है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने आयुष्मान, आवास योजना, एक्सप्रेस-वे में कोई भेदभाव नहीं किया। उन्होंने कहा कि बंटना-कटना नहीं है। उन्होंने बिना नाम लिए अखिलेश के जुडेंगे वाले नारे पर तंज कसते हुए कहा कि आज वे लोग यहां पीड़ितों से मिलने क्यों नहीं आए। वे केवल राजनीति करते हैं। इस दौरान भाजपा नेता अनिल चौहान, झिंझाना चेयरमैन सुरेशपाल कश्यप, राहुल, पवन बजरंगी, नगर मंडल अध्यक्ष अतुल मित्तल आदि मौजूद रहे।
थाने की बदनामी होगी, इसलिए तहरीर नहीं ली
पीड़ित नितिन कुमार ने भाजपा नेता विनीत शारदा को बताया कि घटना के एक घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। इसके बाद वह कोतवाली में पहुंचे। जहां कोतवाल ने कहा कि तहरीर आने पर थाने की बदनामी हो जाएगी। उन्होंने तहरीर दी, लेकिन बाद में फिर उन्हें यह कह दिया गया कि तहरीर नहीं आई। बाद में मुकदमा दर्ज किया था।
एसपी को कहा कि शामली में नहीं रहने दूंगा
भाजपा नेता विनीत शारदा ने एसपी से फोन पर वार्ता की। उन्हें बताया कि बाइक टकराने के विवाद में मारपीट हुई थी। इंस्पेक्टर ने तहरीर मुश्किल ली। लोगों ने धरना तक दिया, लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई। उन्होंने यह भी कहा कि अब सपा की सरकार नहीं है। रासुका के तहत कार्रवाई हो। कार्रवाई नहीं हुई, तो यहीं बैठ जाऊंगा। आपको शामली नहीं रहने दूंगा। इंस्पेक्टर भी यहां थाने में नहीं रहेंगे। इसके अलावा उन्होंने एडीजी से भी फोन पर वार्ता कर कार्रवाई की मांग की।
घटना संज्ञान में है। आरोपियों के विरूद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की गई थी। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
- संतोष कुमार सिंह, एएसपी शामली।

