- मृतक की पहचान लुटेरों में से एक से होने पर मारी गोली, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
सहारनपुर | सरसावा क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। फाइनेंस कंपनी में कार्यरत एक कर्मचारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई और लुटेरे करीब 6 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
मृतक का नाम आशीष त्यागी है, जो अपने भाई अभिषेक त्यागी के साथ मिलकर माइक्रो फाइनेंस कंपनियों से कैश कलेक्शन का कार्य करता था। सोमवार रात करीब 12 बजे, दोनों भाई लगभग 5.92 लाख रुपये लेकर ऑल्टो कार से सरसावा लौट रहे थे। चिलकाना तिराहा पर डेयरी से दूध लेने के लिए गाड़ी रोकी, तभी दो बाइकों पर सवार चार नकाबपोश लुटेरे पहुंचे।छीना-झपटी में एक लुटेरे का नकाब हट गया, जिसे आशीष ने पहचान लिया। पहचान लिए जाने पर लुटेरों ने आशीष को सीने और पैर में गोली मार दी और रुपयों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल आशीष को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है, जिसमें लुटेरे पहले से घात लगाए बैठे नजर आ रहे हैं। सरसावा थाना प्रभारी के अनुसार, मृतक के भाई की तहरीर पर हत्या व लूट का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की बात कही जा रही है।

