भारत के इस झटके से टूट जाएगी पाकिस्तान की कमर

pahalagam attack
  • भारत का बड़ा फैसला: पाकिस्तान से सभी प्रकार के आयात पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध

नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने पाकिस्तान के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए एक और बड़ा कदम उठाया है। भारत ने पाकिस्तान से होने वाले सभी प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष आयातों पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया है। इस संबंध में वाणिज्य मंत्रालय ने 2 मई को एक अधिसूचना जारी करते हुए विदेश व्यापार नीति (FTP) 2023 में संशोधन किया है।

विदेश व्यापार महानिदेशालय (DGFT) द्वारा जारी नोटिफिकेशन में स्पष्ट किया गया है कि यह निर्णय राष्ट्रीय सुरक्षा और सार्वजनिक नीति को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। अधिसूचना में कहा गया है कि अब पाकिस्तान में उत्पन्न या वहां से निर्यात की गई कोई भी वस्तु — चाहे वह सामान्य रूप से आयात योग्य हो या विशेष अनुमति के अंतर्गत आती हो — भारत में आयात नहीं की जा सकेगी, जब तक कि भारत सरकार विशेष अनुमति न दे।

सरकार का यह कदम 22 अप्रैल को पहलगाम स्थित बैसरन घाटी में हुए आतंकी हमले के बाद उठाया गया है, जिसमें कई जवान और नागरिक हताहत हुए थे। इसके बाद भारत सरकार ने पाकिस्तान के खिलाफ कई सख्त फैसले लिए हैं। इनमें सिंधु जल संधि को रद्द करना और भारत में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों को देश छोड़ने का आदेश शामिल है।

पाकिस्तान के खिलाफ भारत के अब तक के प्रमुख कदम:

  • सिंधु जल संधि को रद्द करना
  • भारत में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों को देश छोड़ने का आदेश
  • पाकिस्तान से सभी प्रकार के आयातों पर पूर्ण प्रतिबंध

सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि भविष्य में यदि किसी विशेष स्थिति में आयात की आवश्यकता होगी, तो उसके लिए भारत सरकार की पूर्व अनुमति अनिवार्य होगी।

advertisement at ghamasaana