बस्ती। जिले के दुबौलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत पेठिया लश्करी गांव में प्रधानी की रंजिश ने एक युवक की जान ले ली। बुधवार देर रात गांव में अशोक यादव (35) को अज्ञात हमलावर ने कनपटी पर गोली मार दी, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी फैल गई।
परिजनों के मुताबिक अशोक यादव ने गांव के प्रधान द्वारा कराए गए कार्यों में अनियमितता की शिकायत लोकायुक्त के यहां की थी। इसी शिकायत के बाद से ही प्रधान पक्ष उससे रंजिश मान बैठा था। आशंका जताई जा रही है कि उसी रंजिश में इस वारदात को अंजाम दिया गया।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो अशोक लहूलुहान हालत में पड़ा था। आनन-फानन में परिजन उसे अयोध्या मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। लखनऊ में इलाज के दौरान गुरुवार सुबह अशोक यादव ने दम तोड़ दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही दुबौलिया पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर हत्या का केस दर्ज किया जा रहा है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
एसपी बस्ती ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके। हत्या की वारदात के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

