बड़ा हादसा : स्कूली वैन बनी लगी आग, 22 मासूमों की जान पर बनी

fire

मुजफ्फरनगर । पुरकाजी के झबरपुर इलाके से आज एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक स्कूल वैन में अचानक भीषण आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। हादसे के वक्त वैन में क्षमता से अधिक करीब 22 बच्चे सवार थे। इस दर्दनाक हादसे में 6 बच्चे बुरी तरह झुलस गए हैं, जिन्हें आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वैन झबरपुर स्कूल के पास पहुँची ही थी कि अचानक उसके इंजन से धुआं निकलने लगा। जब तक चालक कुछ समझ पाता, वैन के निचले हिस्से से आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते वैन आग का गोला बन गई। वैन के भीतर मौजूद मासूम बच्चे जान बचाने के लिए चीखने-चिल्लाने लगे। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर दौड़े और खिड़कियों व दरवाजों से बच्चों को बाहर निकालना शुरू किया।

हादसे के बाद एक बार फिर स्कूली वाहनों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी उजागर हुई है। बताया जा रहा है कि वैन में 22 बच्चों को भेड़-बकरियों की तरह भरा गया था। आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्राथमिक आशंका शॉर्ट सर्किट या अवैध गैस किट की ओर इशारा कर रही है। यदि स्थानीय लोग समय पर नहीं पहुँचते, तो एक बड़ी जनहानि हो सकती थी।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुँची। पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया और जले हुए वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्कूल प्रशासन और वैन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घायल बच्चों में से दो की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।

इस घटना ने अभिभावकों में रोष पैदा कर दिया है। सवाल यह उठता है कि आखिर कब तक मासूमों की जान के साथ इस तरह का खिलवाड़ होता रहेगा?

advertisement at ghamasaana