बड़ौत। कांशीराम कॉलोनी में नौ वर्षीय अयान की सर्पदंश से मौत से सनसनी फैल गई। परिजनों का कहना है कि शुक्रवार शाम अयान ने खेलते समय सांप के एक बच्चे को मार दिया था। देर रात घर में सोते समय उसे सांप ने डस लिया। घटना के बाद कॉलोनी में दहशत का माहौल है, हालांकि सांप के ‘बदला लेने’ की बात का कोई वैज्ञानिक आधार नहीं माना जाता।

शुक्रवार शाम अयान मोहल्ले के बच्चों के साथ मैदान में खेल रहा था। इसी दौरान वहां निकले सांप के एक बच्चे को उसने मार दिया। रात में खाना खाने के बाद वह घर में सो गया। परिजनों का आरोप है कि देर रात मकान की नाली के रास्ते एक सांप घर में घुसा और सो रहे अयान को डस लिया। तबीयत बिगड़ने पर उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक के चाचा इरशाद ने बताया कि घटना के बाद पूरी कॉलोनी में भय का माहौल है। लोग बच्चों को अकेले बाहर भेजने से बच रहे हैं। स्थानीय लोगों ने वन विभाग और प्रशासन से क्षेत्र में अभियान चलाकर सांप पकड़ने, झाड़ियों की सफाई कराने और लोगों को जागरूक करने की मांग की है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. विजय कुमार ने बताया कि सर्पदंश के बाद मरीज को तुरंत अस्पताल पहुंचाना चाहिए। समय पर उपचार मिलने से जान बचाई जा सकती है। झाड़-फूंक में समय गंवाना खतरनाक साबित हो सकता है। अयान के पिता नदीम की करीब दो वर्ष पहले सर्पदंश से मौत हो गई थी। अब बेटे की भी उसी तरह मौत होने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

