127 करोड़ रुपये की वाणिज्य कर चोरी के मामले में चार अधिकारी निलंबित

लखनऊ। सरकार ने नोएडा की फर्म के साथ मिलीभगत कर 127 करोड़ रुपये की वाणिज्य कर चोरी के मामले में विशेष अनुसंधान शाखा (एसआईबी) के चार अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। निलंबित अधिकारियों में अतिरिक्त आयुक्त ग्रेड-2 धर्मेंद्र सिंह, संयुक्त आयुक्त दिनेश दुबे, उपायुक्त मिथिलेश मिश्रा और सहायक आयुक्त सोनिया श्रीवास्तव शामिल हैं।

मामला जनवरी 2020 का है। सरकार को नोएडा स्थित तंबाकू कंपनी द्वारा बड़े पैमाने पर कर चोरी की शिकायत मिली थी। नोएडा के तत्कालीन अतिरिक्त आयुक्त सीबी सिंह को जांच सौंपी गई थी। प्रारंभिक जांच में फर्म द्वारा की गई कर चोरी के मामले में एसआईबी में तैनात इन सभी अधिकारियों की मिलीभगत पाई गई।

रिपोर्ट के आधार पर सरकार ने बृहस्पतिवार को सभी अधिकारियों को निलंबित कर दिया। इनमें से तीन अभी नोएडा में ही तैनात हैं, जबकि मिथिलेश मिश्रा का सहारनपुर तबादला हो चुका है।

advertisement at ghamasaana