गाजियाबाद। गाज़ियाबाद में दूल्हा-दुल्हन का वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें दूल्हा-दुल्हन दोनों स्टेज पर फायरिंग करते हुए नजर आ रहे हैं। इस वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस ने इसकी जांच शुरू कर दी है।
शुरुआती जांच में यह वीडियो घंटाघर कोतवाली क्षेत्र के एक बैंकट हॉल का बताया जा रहा है।10 सेकंड के इस वीडियो में नवविवाहित जोड़ा स्टेज पर ही फायरिंग करते हुए दिख रहा है। अब पुलिस इस वीडियो की जांच में जुटी है।
वीडियो बीते शुक्रवार का बताया जा रहा है.इससे कुछ दिन पहले भी गाजियाबाद में दूल्हा-दुल्हन की ओर से शादी समारोह के दौरान फायरिंग करने का वीडियो सामने आया था। हर्ष फायरिंग पर रोक लगने और ऐसे लोगों पर लगातार पुलिस की कार्रवाई के बावजूद भी लोग ऐसे हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं और ऐसे वीडियो लगातार सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।

