भाजपा के विरोध में उतरी गठवाला खाप, सपा-रालोद गठबंधन का करेगी समर्थन

शामली। विधानसभा चुनाव को लेकर सोमवार को हसनपुर गांव में गठवाला खाप चौधरियों और थांबेदारों की पंचायत आयोजित की गई। जिसमें निर्णय लिया गया कि आंदोलन के दौरान भाजपा सरकार ने किसानों पर जो जुल्म किए, उनका जवाब वोट की चोट से दिया जाएगा। पंचायत में गठबंधन प्रत्याशी के समर्थन का भी निर्णय लिया गया।

गठवाला खाप के चौधरी बाबा राजेंद्र सिंह के आवास पर शनिवार को पंचायत बुलाई गई थी। लेकिन ऐन वक्त पर यह पंचायत स्थगित कर दी गई थी। बाबा राजेंद्र सिंह का कहना था कि राजनीतिक दलों ने गठवाला खाप के व्यक्ति को तरजीह नहीं दी है। इस पर समाज के लोगों के साथ बैठक कर चुनाव पर निर्णय लिया जाएगा, लेकिन सोमवार को हसनपुर गांव में महिपाल सिंह के आवास पर खाप चौधरियों और थांबेदारों की पंचायत हुई। जिसमें गठवाला खाप चौधरी बाबा राजेंद्र सिंह को नहीं बुलाया गया। बैठक में गठवाला खाप के बहावड़ी थांबेदार श्याम सिंह मौजूद रहे।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि किसान आंदोलन के दौरान भाजपा ने किसानों पर हर तरह के जुल्म किए। 700 से ज्यादा किसान इस आंदोलन में मारे गए। लखीमपुर में किसानों को सरकार के मंत्री के बेटे ने जीप से कुचल दिया। इसका बदला अब चुनाव में वोट की चोट से लिया जाएगा। उन्होंने सपा-रालोद गठबंधन प्रत्याशी को समर्थन देने की घोषणा की।

साथ ही यह भी कहा कि गठवाला खाप चौधरी बसपा और आप प्रत्याशी को समर्थन कर सकते हैं। इन दोनों पार्टियों ने मलिक को टिकट दिया है। पंचायत में बाबा शौकिंद्र भैंसवाल, बाबा रविंद्र सिंह, बाबा सतवीर, देवराज पहलवान, सतवीर भैंसवाल, मनोज गोहरनी, विकास, विदेश मलिक, मांगेराम मलिक, किरणपाल प्रधान सलफा आदि मौजूद रहे।

advertisement at ghamasaana