देहरादून । त्तराखंड में कांग्रेस द्वारा निकाली जा रही 'भूमि बचाओ यात्रा' पर भारतीय जनता पार्टी ने तीखा हमला बोला है। भाजपा के वरिष्ठ विधायक और प्रदेश प्रवक्ता विनोद चमोली ने पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि प्रदेश में भूमाफिया संस्कृति को पैदा करने और उसे पालने-पोसने का काम कांग्रेस की सरकारों ने ही किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के पास ऐसी यात्रा निकालने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है क्योंकि उनके शासनकाल में दर्जनों भूमि घोटाले हुए थे।
विनोद चमोली ने कहा कि कांग्रेस की मंशा इस यात्रा के जरिए प्रदेश में हो रहे निवेश, बढ़ते रोजगार और पर्यटन विकास के कार्यों को बाधित करने की है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि कांग्रेस सरकार के दौरान देहरादून के धोलास में मुस्लिम यूनिवर्सिटी बनाने के लिए करीब 20 एकड़ जमीन सस्ती दरों पर आवंटित की गई थी। इसी तरह अल्मोड़ा के नैनीसार में भी भूमि आवंटन को लेकर स्थानीय लोगों को लंबा संघर्ष करना पड़ा था। चमोली ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से राज्य के विकास की विरोधी रही है।
भाजपा प्रवक्ता ने धामी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि वर्तमान सरकार सख्त भू-कानून लेकर आई है। सरकार ने धार्मिक गतिविधियों के नाम पर अवैध रूप से कब्जाई गई 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि को मुक्त कराया है। इसके अलावा हल्द्वानी के वनभूलपुरा में रेलवे की 80 एकड़ भूमि को मुक्त कराने की प्रक्रिया भी निर्णायक मोड़ पर है। उन्होंने कहा कि एन.डी. तिवारी सरकार के समय से ही जमीनों को कौड़ियों के भाव बांटने का सिलसिला शुरू हुआ था, जिसे भाजपा ने रोकने का काम किया है।
अंत में चमोली ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस की यह यात्रा उत्तराखंड की जमीन बचाने के लिए नहीं, बल्कि अपनी खिसकती हुई राजनीतिक जमीन बचाने के लिए है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता कांग्रेस के भ्रम में नहीं आएगी और भाजपा के विकास कार्यों पर अपना आशीर्वाद बनाए रखेगी। इस प्रेस वार्ता में प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान और अन्य प्रवक्ता भी उपस्थित रहे।
