देहरादून । साहित्य और दलित चेतना के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। दून पुस्तकालय एवं शोध केन्द्र के सभागार में साहित्य चेतना मंच सहारनपुर, दून पुस्तकालय एवं शोध केन्द्र और संवेदना के संयुक्त तत्वावधान में 'सातवाँ ओमप्रकाश वाल्मीकि स्मृति साहित्य सम्मान समारोह एवं राष्ट्रीय विचार गोष्ठी' संपन्न हुई। इस गरिमामयी कार्यक्रम में सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग की सहायक आचार्य डॉ. माया गोला को वर्ष 2024 के प्रतिष्ठित 'सातवें ओमप्रकाश वाल्मीकि स्मृति साहित्य सम्मान' से सम्मानित किया गया।

समारोह के दौरान साहित्य चेतना मंच के संरक्षक मदनपाल तेश्वर, प्रो. राजेश पाल और अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र वाल्मीकि सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने डॉ. माया गोला को प्रशस्ति-पत्र, शॉल, साहित्यिक उपहार और स्मृति-चिह्न भेंट कर उनकी साहित्यिक सेवाओं की सराहना की। इस अवसर पर दो महत्वपूर्ण कृतियों का विमोचन भी किया गया, जिनमें साहित्य चेतना मंच की स्मारिका 'घर-घर ओमप्रकाश वाल्मीकि' और डॉ. रमन टाकिया द्वारा संपादित पुस्तक 'राजेश पाल: रचना-दृष्टि और सरोकार' शामिल हैं।

कार्यक्रम की शुरुआत दून पुस्तकालय के अधिकारी चंद्रशेखर तिवारी और समदर्शी बर्थवाल के स्वागत भाषण से हुई। इसके पश्चात 'समकालीन दलित साहित्य की चुनौतियाँ और ओमप्रकाश वाल्मीकि का दृष्टिबोध' विषय पर एक राष्ट्रीय विचार गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी में वक्ताओं ने ओमप्रकाश वाल्मीकि के योगदान को याद करते हुए उन्हें दलित चेतना का सबसे सशक्त हस्ताक्षर बताया। वक्ताओं ने कहा कि वाल्मीकि ने न केवल अपनी लेखनी बल्कि अभिनय के माध्यम से भी समाज में व्याप्त जातीय भेदभाव और वैमनस्य को उजागर करने का साहसिक कार्य किया था।

सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. माया गोला ने अपने संबोधन में कहा कि ओमप्रकाश वाल्मीकि का साहित्य केवल शब्दों की अभिव्यक्ति नहीं है, बल्कि यह एक समतामूलक समाज के निर्माण का व्यापक आंदोलन है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे साहित्यकार दिगंबर ने अपने वक्तव्य में जोर दिया कि साहित्य की सार्थकता तभी है जब वह समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के संघर्ष और उसकी पीड़ा को आवाज दे सके।

इस भव्य समारोह में दिनेश जोशी, डॉ. कनकलता, प्रो. महेंद्र बेनीवाल और कई अन्य विद्वानों ने अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम का कुशल संचालन प्रो. राजेश पाल ने किया। इस मौके पर भारी संख्या में साहित्य प्रेमी और बुद्धिजीवी उपस्थित रहे, जिन्होंने दलित साहित्य की वर्तमान चुनौतियों और भविष्य की दिशा पर गहन मंथन किया।