मुजफ्फरनगर। Muzaffarnagar crime जनपद से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां मामूली नाली के विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। छपार गांव में एक 55 वर्षीय मजदूर हारुण की ईंटों से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद से पूरे गांव में तनाव का माहौल व्याप्त है और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, छपार निवासी हारुण और अनवार के परिवारों के बीच पिछले दो दिनों से घर के बाहर नाली के पानी की निकासी को लेकर विवाद चल रहा था। स्थानीय लोगों ने मामले को शांत कराने की कोशिश की थी, लेकिन बृहस्पतिवार रात 12 बजे यह विवाद एक बार फिर गहरा गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तीखी कहासुनी शुरू हो गई, जो जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गई।
आरोप है कि अनवार पक्ष के करीब आधा दर्जन लोगों ने हारुण के घर पर धावा बोल दिया और पथराव शुरू कर दिया। इस हमले के दौरान हमलावरों ने हारुण को घेर लिया और उन पर ईंटों से ताबड़तोड़ वार किए। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण हारुण लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए।
परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायल हारुण को जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी सिटी अमृत जैन पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पक्ष के छह लोगों को हिरासत में ले लिया है।
मृतक की पत्नी गुलशाना की तहरीर पर पुलिस ने अनवर, फरहान, रुखसार, इमराना, रेशमा और नौशीदा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। Muzaffarnagar पुलिस ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
