देहरादून। राष्ट्रीय सुरक्षा जागरण मंच ने विकसित भारत, सुरक्षित भारत विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया।जिसमें वक्ताओं ने भारत की सीमाओं के नजदीक स्थित क्षेत्र से संबंधित, राष्ट्रीय सुरक्षा विषय एवं समाज की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।
रविवार को तुषात फंक्शन सेंटर में आयोजित संगोष्ठी में मुख्य अतिथि पूर्व सैनिक कल्याण सलाहकार समिति के अध्यक्ष कर्नल (से.नि.) अजय कोठियाल ने कहा कि अमृत काल के दौरान समाज एवं देश के प्रति जागरूक रहना चाहिए। सुरक्षा के लिए विशेषकर सीमावर्ती क्षेत्रों के निवासियों को सक्रियता से अपनी भागीदारी करनी होगी। सभी के सहयोग से एक आदर्श राष्ट्र का निर्माण किया जा सकता है।
विशिष्ट अतिथि पूर्व आईएएस डाॅ. संजीव चोपड़ा ने आम नागरिकों को सीमाओं को समझने पर बल दिया। ब्रिगेडियर (से.नि.) कृष्ण गोपाल बहल ने पहाड़ों में आने वाली आपदा एवं अपने पूर्व शोध से अवगत कराया। गोलोक बिहारी राय, मंच की संचालन समिति के सदस्य ने बदलते भारत के सामने उत्पन्न आंतरिक एवं बाहरी चुनौतियों और सुरक्षा को होने वाले खतरों के लिए जागरूक होने पर बल दिया। मंच के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जेपी शर्मा ने सुरक्षा के साथ ही विकसित भारत, सुरक्षित भारत के संबंध में जानकारी दी।
राष्ट्रीय संगठन महामंत्री विक्रमादित्य सिंह ने संगठन के उद्देश्य एवं राष्ट्र के प्रति सभी की जिम्मेदारियों से अवगत कराया। राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तर क्षेत्र प्रभारी राजकिशोर ने सुरक्षा में सोशल मीडिया के प्रभाव के बारे में विचार व्यक्त किए। रक्षा विशेषज्ञ विंग कमांडर (से.नि.) रोहित कादयान ने देश की आंतरिक सुरक्षा में आम जनता के योगदान के बारे में जानकारी देते हुए सभी से मजबूत भारत बनाने में योगदान का आह्वान किया।
इस अवसर पर प्रदेश भर से 200 से अधिक पूर्व सैनिक, युवा, महिलाएं तथा आम नागरिक उपस्थित रहे। प्रदेश अध्यक्ष मणि मुकुन्द कृष्ण दास तथा मुख्य संयोजक पुनीत नन्दा, बलवंत सिंह नेगी, आशीष कलरा, डॉ. एमएस राणा, डॉ. प्रवीन कुमार, अनीता शास्त्री, हेमंत सिंह, राजेश शर्मा, राहुल देव ढंड आदि मौजूद रहे।

