लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के अररिया में रैली में कहा कि वीवीपैट पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला कांग्रेस और उसके गठबंधन के चेहरे पर तमाचे जैसा है। ये वही लोग हैं जो इस सिस्टम पर सवाल उठा रहे थे, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने तमाम याचिकाओं को खारिज करते साबित कर दिया कि लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाने वाले ऐसी याचिकाओं का कोई मतलब नही है।
पीएम मोदी ने कहा कि आपका ये सेवक और यहां बिहार में हमारे नीतीश जी और उनकी पूरी टीम पूरी शक्ति से काम कर रहे हैं। आरजेडी और कांग्रेस के इंडी गठबंधन को ना देश के संविधान की परवाह है और ना ही लोकतंत्र की परवाह है, ये वो लोग है जिन्होंने दशकों तक बैलेट पेपर के बहाने गरीबों का अधिकार छीना। पहले पोलिंग बूथ और बैलेट पेपर लूट लिए जाते थे, बिहार के लोग साक्षी हैं कि कैसे आरजेडी और कांग्रेस के शासन में बैलेट पेपर लूटे जाते थे, इतना ही नहीं गरीबों को वोट डालने के लिए घर से बाहर तक नहीं निकलने दिया जाता था।
उन्होंने आगे कहा कि अब जब गरीबों को देश के ईमानदार मतदाता को ईवीएम की ताकत मिली है। तो ये लोग जो चुनाव के दिन लूट चलाते थे, इन लोगों से ये भी बर्दास्त नहीं हो रहा था अभी भी वो परेशान हैं। इसलिए उनका दिन रात यही काम रहता है कि कैसे भी करके ईवीएम हटना चाहिए, यही उनका खेल चल रहा है।
गठबंधन के हर नेता ने ईवीएम को लेकर जनता के मन संदेह पैदा करने का पाप किया है। आज देश के लोकतंत्र की ताकत देखिए कि आज सुप्रीम कोर्ट ने मतपेटियों को लूटने के इरादा रखने वाले लोगों को गहरा झटका दिया है। अब उनके सारे सपने चूर चूर हो गए हैं।

