मेरठ। रालोद-सपा के बीच विधानसभा चुनाव को लेकर गठबंधन हुआ तो मेरठ जिले में दो सीटों पर रालोद चुनाव लड़ेगा। एक सीट देहात में सिवालखास तो दूसरी मेरठ कैंट का तय माना जा रहा है। हालांकि, रालोद ने तीन सीट पर दावा किया है। एक सीट पर अदला-बदली होगी। जिले में गठबंधन को लेकर चर्चा का बाजार अब जोरों पर है।
फिलहाल, आप को मेरठ में एक भी सीट मिलने की उम्मीद नहीं है। 2017 के चुनाव में रालोद का किसी से गठबंधन नहीं था। 2017 में रालोद जिले की सभी सात सीटों पर चुनाव लड़ी। सिवालखास में रालोद ने मजबूती दिखाई। रालोद प्रत्याशी यशवीर सिंह 44 हजार 710 वोट लेकर तीसरे स्थान पर रहे। वहीं सपा प्रत्याशी गुलाम मोहम्मद 61 हजार 421 वोट लेकर दूसरे स्थान पर रहे। इस बार रालोद किसी भी स्थिति में यह सीट छोड़ना नहीं चाहती।
वहीं, सरधना में रालोद प्रत्याशी वकील चौधरी को 3920 वोट ही मिला था, लेकिन रालोद इस सीट पर भी दावेदारी कर रही है। हस्तिनापुर में रालोद की कुसुम प्रधान को 6538 वोट मिला था। रालोद इस बार इस सीट को सपा के खाते में डाल रही है। वहीं किठौर में रालोद के मतलूब गौड़ को 6591 वोट मिला था। सपा के शाहिद मंजूर 79 हजार 800 वोट लेकर दूसरे स्थान पर रहे थे। इस सीट पर भी सपा का दावा मजबूत माना जा रहा है।
