शाहरूख खान के बेटे आर्यन खान ड्रग्स केस के अहम गवाह की संदिग्ध हालात में मौत

PRABHAKAR SAIL

नई दिल्ली। फिल्म अभिनेता शाहरूख खान के पुत्र आर्यन खान ड्रग्स मामले में बड़ा मोड़ आ गया है। इस मामले के सबसे अहम गवाह प्रभाकर सेल की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि उसकी शुक्रवार को हार्ट अटैक से मौत हुई है। प्रभाकर ने आर्यन खान ड्रग्स केस में कई ऐसे सनसनीखेज खुलासे किए थें। जिसकी वजह से वो चर्चा में आ गया था। उसने एनसीबी के जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े पर रिश्वत लेने का गंभीर आरोप लगाया था। इसके बाद एनसीबी सवालों के घेरे में आ गई थी और समीर वानखेड़े को इस केस से भी हाथ धोना पड़ा था। दिलचस्‍प है कि प्रभाकर की मौत ऐसे वक्‍त हुई, जब एक दिन पहले ही कोर्ट ने एनसीबी को मामले में चार्जशीट नहीं दायर करने के लिए फटकार लगाई।

न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार, एनसीबी के पंच गवाह प्रभाकर सेल का शुक्रवार को निधन हो गया। उनके वकील तुषार खंडारे ने बताया कि चेंबूर के माहुल इलाके में प्रभाकर सेल को उनके घर पर ही दिल का दौरा पड़ा था। एनसीबी ने पिछले साल कॉर्डेलिया क्रूज शिप पर छापा मारा था। उस वक्‍त शिप पर शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान भी मौजूद थे। 2 अक्टूबर को हुई छापेमारी के बाद आर्यन को तत्‍काल 7 अन्‍य आरोपियों के साथ ड्रग पार्टी करने के जुर्म में हिरासत में लिया गया था। अगले दिन एनसीबी ने उन्‍हें गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद कोर्ट ने उन्हें न्‍याय‍िक हिरासत में आर्थर रोड जेल में डाल दिया गया था।

आर्यन खान करीब 28 दिनों तक जेल की सलाखों के पीछे रहे थे। इस दौरान इस केस में हर दिन नए.नए खुलासे हो रहे थे। आर्यन की एक सेल्फी वायरल हुई थी, जिसे केपी गोसावी ने खींची थी। ये फोटो देखते ही देखते वायरल हो गई थी और इस पर बहस भी छिड़ गई थी। इसके बाद गोसावी रहस्यमयी तरीके से गायब हो गया था, लेकिन तभी प्रभाकर सेल सामने आया। उसने दावा किया कि वह केपी गोसावी का पर्सनल बॉडीगार्ड है। बहरहाल प्रभाकर सेल की मौत से एक बार फिर यह मामला चर्चा में आ गया है।

advertisement at ghamasaana