लखनऊ के चर्चित शिवा शर्मा हत्याकांड में आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे, उनकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर तनवीर अली उर्फ दानिश को अदालत से बड़ा झटका लगा है। शुक्रवार को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) कोर्ट ने तीनों आरोपियों की जमानत अर्जी को सिरे से खारिज कर दिया। अदालत ने अपराध की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों को राहत देने से इनकार कर दिया। फिलहाल तीनों आरोपी 31 अक्टूबर तक न्यायिक हिरासत में जेल में ही रहेंगे।
यह पूरा मामला 9 अक्टूबर का है, जब लखनऊ के हजरतगंज स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरकर कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। शुरुआत में इसे एक दुर्घटना माना जा रहा था, लेकिन मृतक की मां रंजना शर्मा द्वारा हत्या का आरोप लगाए जाने के बाद पुलिस ने श्रद्धा दुबे और अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
घटना के बाद से ही तीनों आरोपी फरार चल रहे थे, जिन्हें पुलिस ने 20 अक्टूबर को महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार किया था। हालांकि, फरारी के दौरान श्रद्धा दुबे ने सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से खुद को बेकसूर बताया था और कहा था कि शिवा की मां उन्हें पसंद नहीं करती थीं, इसलिए उन्हें फंसाया जा रहा है। अब इस मामले का ट्रायल सेशन कोर्ट में चलेगा और पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
