नई दिल्ली। अपने बयानों से हमेशा विवादों में रहे संभल से सपा सांसद शफीकुर्रहमान बर्क की एक बार फिर से जुबान फिसल गई है। सपा सांसद डॉ. शफीकर्रहमान बर्क ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के द्वारा एमएलसी चुनाव में सत्ताधारी दल के लोगों द्वारा प्रधानों को धमकाने वाले बयान पर ही सवाल खड़ा किया है। सांसद बर्क ने कहा कि यदि इस तरह से धमकाया जा रहा है तो यह गलत है लेकिन अगर ऐसा नहीं हो रहा है तो इस तरह का प्रोपेगेंडा करना भी गलत है। इसके बाद सपा सांसद से यूपी सरकार के कार्यों से संतुष्ट होने का सवाल किया गया तो सपा सांसद की जुबान फिसल गई।
एमएलसी चुनाव में वोट डालने संभल पहुंचे सपा सांसद डॉ. बर्क ने समाजवादी पार्टी पर सवाल खड़ा कर दिया। उन्होंने कहा, पूरी समाजवादी पार्टी मुसलमानों के हित में काम नहीं कर रही है। लेकिन जैसे ही बर्क को दोबारा ध्यान आया तो उन्होंने कहा कि यूपी में गवर्नमेंट सपा के हाथ में नहीं योगी के हाथ में है। बर्क ने कहा कि यूपी में योगी काम तो कर रहे हैं लेकिन अपने हिसाब से कर रहे है लेकिन यूपी में मुसलमानों के साथ इंसाफ नहीं हो रहा है।

