इस बार दीपावली पर हैं बहुत ही शुभ संयोग, जानिए दीपावली पूजन का मुहूर्त और शुभ समय

diwali
1 0

दिवाली अबकी बार दिन सोमवार 24 अक्टूबर को पड़ रही है। इस दिन चंद्रमा बुध के साथ कन्या राशि में होंगे। वहीं सूर्य और शुक्र तुला राशि में रहेंगे। इसलिए इस बार दिवाली पर यह बहुत ही शुभ संयोग है। इस काल में पूजन करने से न केवल सारी व्याधियां कट जातीं हैं बल्कि सुख समृद्धि भी प्राप्त होती है। तो आइए जानते हैं कि इस दीपावली पूजन का शुभ मुहूर्त क्या है।

भविष्य पुराण में दिवाली पूजन मुहूर्त के बारे में बताया गया है कि कार्तिक प्रदोषे तु विशेषेण अमावस्या निशावर्धके। तस्यां सम्पूज्येत देवीं भोग मोक्ष प्रदायिनीम।। यानी जिस दिन मध्यरात्रि और प्रदोष काल में अमावस्या तिथि हो उसी दिन भोग मोक्ष की प्राप्ति के लिए दिवाली पूजन करना चाहिए। इस साल कार्तिक अमावस्या तिथि 24 अक्टूबर को शाम 5 बजकर 28 मिनट से लग रहा है और इसी दिन प्रदोष काल में और मध्यरात्रि में अमावस्या तिथि है । इसलिए 24 अक्टूबर को ही दीपावली का पूजन गृहस्थजन प्रदोष काल में करेंगे।

इस साल कार्तिक अमावस्या दीपावली के दिन प्रदोष काल शाम में 5 बजकर 43 मिनट से शुरू होगा। इस समय चर चौघड़िया रहेगा जो शाम में 7 बजकर 30 मिनट तक रहेगा। उसके बाद रोग चौघड़िया लग जाएगा। शाम को मेष लग्न 6 बजकर 53 मिनट तक है। ऐसे में स्थिर लक्ष्मी की प्राप्ति के लिए स्थिर लग्न में शाम 6 बजकर 53 मिनट से 7 बजकर 30 मिनट से पहले गृहस्थ जनों को देवी लक्ष्मी की पूजा आरंभ कर देनी चाहिए।

जो लोग प्रदोष काल में लक्ष्मी पूजन नहीं कर पाते हैं या विशेष सिद्धि के लिए लक्ष्मी पूजन करना चाहते हैं वह दिवाली की रात में निशीथ काल में 8 बजकर 19 मिनट से रात 10 बजकर 55 मिनट के बीच पूजा कर सकते हैं। महानिशीथ काल में दिवाली की साधना साधक लोग करते हैं। तंत्र साधना के लिए यह समय अति उत्तम रहेगा। रात 10 बजकर 55 मिनट से रात 1 बजकर 31 मिनट महानिशीथ काल में तंत्रोक्त विधि से दिवाली पूजन किया जा सकता है।

advertisement at ghamasaana