
सहारनपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में दंगा होता था कर्फ्यू लगते थे। आज यूपी में नो कर्फ्यू, नो दंगा, यूपी में अब सब चंगा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश में कानून व्यवस्था का राज कायम है। प्रदेश की कानून व्यवस्था आज पूरे देश में नजीर बन चुकी है।

उन्होंने कहा कि मां शाकंभरी और मां बाला सुंदरी की पावन धरा से मैं आज निकाय चुनाव का शंखनाद करने आया हूं। केंद्र की मोदी सरकार और यूपी की योगी सरकार डबल इंजन से विकास कार्य करा रही है, अब शहरों और कस्बों के विकास के लिए तीसरे इंजन की भी जरूरत है। इसलिए विकास की गति ट्रिपल इंजन से हो इसके लिए निकाय चुनाव में भाजपा के सभी प्रत्याशियों को विजय बनाकर विकास की गति को बढ़ाना होगा।
एमएस कॉलेज मैदान पर सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनसभा में बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ता। इस दौरान मंच पर विधायक और मंत्री गण मौजूद रहे । नगर निकाय चुनावों में भाजपा के पक्ष में अपील करने के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहारनपुर रैली में पहुंचने के लिए दोपहर 12 बजकर एक मिनट पर राजकीय वायुयान से सरसावा के ग्राम सोराना में वायुसेना की हवाई पट्टी पर उतरे। 12 बजकर 11 मिनट पर हेलीकॉप्टर में सवार होकर सहारनपुर के लिए उड़ चले। मंडल आयुक्त सहारनपुर डॉ लोकेश एम, डीआईजी अजय साहनी तथा एसपी देहात सागर जैन ने मुख्यमंत्री का अभिवादन करते हुए स्वागत किया।