चमोली जिले में कोरोना का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। रविवार को जोशीमठ-औली रोपवे के 27 कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव आए हैं। जबकि दो कर्मचारी दो दिन पहले पॉजिटिव आए थे। जिसके चलते प्रशासन ने रोपवे का संचालन फिलहाल बंद करा दिया गया है। वहीं, रविवार शाम साढ़े पांच बजे तक जिले में कोरोना के कुल 31 मामले आए हैं। जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 52 हो गई है।
जिला अस्पताल गोपेश्वर से मिली जानकारी के अनुसार सात जनवरी को रोपवे के दो कर्मचारी जांच कराने आए थे। जिनमें कोरोना के लक्षण थे। उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर अस्पताल प्रशासन ने कांटेस्ट ट्रेसिंग के जरिए शनिवार को अन्य कर्मचारियों के भी सेंपल लिए। रविवार को इनमें 27 अन्य कर्मचारियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जबकि चार अन्य लोगों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। एसीएमओ डा. उमा रावत ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि रोपवे कर्मचारियों के पॉजिटिव आने की सूचना प्रशासन को दे दी गई है।
दरअसल इन दिनों औली में बड़ी संख्या में बाहर से पर्यटक आ रहे हैं, जिसमें अधिकांश रोपवे से औली पहुंचना पसंद कर रहे हैं। जोशीमठ-औली मोटर मार्ग पर बर्फ और पाला गिरा होने से भी मार्ग काफी खतरनाक बना हुआ है, जिसके चलते इस पर वाहनों का आवागमन काफी सीमित हो रखा है। ऐसे में अब जीएमवीएन (गढ़वाल मंडल विकास निगम) को रोपवे संचालन करना चुनौती बन गया है।
एसडीएम जोशीमठ कुमकुम जोशी ने बताया कि कर्मचारियों के स्वस्थ होने तक रोपवे का संचालन बंद रहेगा। सोमवार को वहां सेनिटाजेशन किया जाएगा। साथ ही अन्य कोविड गाइड लाइन का पालन कराते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।

