[responsivevoice_button voice=”Hindi Female”]
लखनऊ। जैसे जैसे विधान सभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं वैसे ही विधायकी का टिकट दिलाने के नाम पर ठगी के मामले सामने आ रहे हैं। अब कौशाम्बी जिले की सिराथू विधानसभा सीट से बसपा का टिकट दिलाने के नाम पर 30 लाख रुपये की उगी का मामला सामने आया है। जालसाज ने लखनऊ बुलाकर बसपा के मंडल कार्यालय में रकम ऐंठ ली और भाग गया।
आरोप है कि तय समय के बाद भी न तो टिकट मिला और न ही आरोपी ने रकम लौटाई। पीड़ित ने मामले की शिकायत लखनऊ पुलिस कमिश्नर से की है। सिराथू क्षेत्र के शहजादपुर निवासी मोहम्मद फरीद खान ने पुलिस कमिश्नर लखनऊ को दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि वह व्यापारी होने के साथ-साथ समाजसेवा करते हैं। 2012 में सिराथू विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के टिकट से उन्होंने चुनाव लड़ा था।
बताया कि पखवाड़े भर पहले सिराथू विधानसभा के बसपा के एक पदाधिकारी ने कहा कि लखनऊ कार्यालय से जुड़े एक शख्स का फोन आया है, टिकट मिल जाएगा। उसने संपर्क करने के लिए एक मोबाइल नंबर भी दिया। पीड़ित फरीद खान की मानें तो जब उन्होंने उस शख्स से संपर्क किया तो उसने 30 लाख रुपये में टिकट दिलाने की बात कही।
24 नवंबर को फरीद अपने रिश्तेदारों को साथ लेकर लखनऊ पहुंचे। उस शख्स ने आशियाना के पुराना किला स्थित लखनऊ मंडल कार्यालय में 30 लाख रुपये जमा करके वहां से पत्र लेकर आने की बात कही। पीड़ित ने बताया कि जब शाम को वह बसपा के लखनऊ मंडल कार्यालय पहुंचे तो पता चला कि वहां मिलने वाले शख्स का बेटा दुर्घटना में घायल हो गया है। इस पर उन्होंने फोन पर बात की तो कहा गया कि बसपा कार्यालय में मौजूद दूसरे शख्स को पैसा दे दें, जिस पर उन्होंने 30 लाख रुपये उसे दे दिए।
उन्होंने जब फिर से पहले वाले शख्स से संपर्क करना चाहा तो उसका मोबाइल बंद मिला। इसके बाद उसने सुरक्षाकर्मियों से जानकारी की तो पता चला कि उसके साथ ठगी हो गई है। इस दौरान बसपा के दो बड़े नेताओं ने उन्हें रकम वापस दिलवाने का आश्वासन दिया। तमाम प्रयासों के बाद भी रकम वापस नहीं मिलने पर पीड़ित ने मामले की शिकायत लखनऊ पुलिस कमिश्नर डीके ठाकुर के कार्यालय में की।

