बिजनौर। जिले में आठ विधानसभा सीटों पर हुए मतदान में मतदाता उत्साह में नजर आए। भले ही अंतर बहुत कम रहा, लेकिन मतदाताओं ने पिछले चुनाव का रिकॉर्ड .01 प्रतिशत से तोड़ दिया। सोमवार को हुए मतदान में जिलेभर में कुल 66.73 प्रतिशत मतदान हुआ। सभी विधानसभा सीटों पर कुल 89 प्रत्याशी मैदान में थे।
चांदपुर विधानसभा मतदान के मामले में सबसे आगे रही। यहां पर 69.50 प्रतिशत मतदान हुआ। सबसे कम मतदान नूरपुर सीट पर 65.32 प्रतिशत हुआ। जिलेभर में कुल 26 लाख 90 हजार 448 मतदाता हैं, इनमें से कुल 17 लाख 95 हजार 335 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। चुनाव कार्यालय ने जो आंकड़े जारी किए, उसके मुताबिक वर्ष 2017 में हुए चुनाव 66.72 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस बार 0.01 प्रतिशत अधिक मतदान हुआ।
कुल मतदान की बात करें तो 66.73 प्रतिशत मतदान हुआ है। डीएम उमेश मिश्रा ने कहा कि जिलेभर में छुटपुट घटनाओं को छोड़ दें तो मतदान शांतिपूर्वक हुआ है। मतदान को निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए कड़ी निगरानी और गश्त कराई जा रही थी। कलक्ट्रेट में बने कंट्रोल रूम से बूथों पर नजर रखी जा रही थी। जिलेभर में कुल 1716 कैमरे लगाए गए थे, जिनसे सीधे लाइव बेवकास्ट हो रहा था। मतदान प्रतिशत घटा नहीं है।

