देहरादून। प्रदेश में बैकलॉग के 361 पदों पर शिक्षकों की भर्ती की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। शिक्षा निदेशक आरके उनियाल के मुताबिक अधिकतर जिलों में चयनित उम्मीदवारों को नियुक्ति दी जा चुकी है।
शिक्षा निर्देशक ने कहा कि कुछ जिलों में काउंसिलिंग में उम्मीदवार नहीं पहुंचे। इन जिलों में प्रतीक्षा सूची के उम्मीदवारों को नियुक्ति दी जाएगी। प्रदेश में बैकलॉग के 361 पदों पर शिक्षक भर्ती के लिए अधिकतर जिले दूसरी और तीसरी काउंसिलिंग भी करा चुके हैं, लेकिन हरिद्वार जिले में अब तक दूसरी काउंसिलिंग नहीं हुई। इससे उम्मीदवारों में नाराजगी है उनका कहना है कि हरिद्वार जिले में 27 सितंबर को पहली काउंसिलिंग हुई थी।
काउंसिलिंग के दौरान कई चयनित उम्मीदवार उपस्थित नहीं हुए। जबकि विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया था कि काउंसिलिंग में उपस्थित न होने वाले उम्मीदवारों के मसले पर फिर से विचार नहीं किया जाएगा। कुछ उम्मीदवारों का कहना है कि जिन उम्मीदवारों ने दूसरे जिलों में नियुक्ति ली हैं उन्हें भी हरिद्वार जिले की दूसरी काउंसिलिंग के लिए बुलाया जाए। पल्लवी गर्ग, चंद्रमोहन, बबीता, पंकज, सूरज, अनिल, संगीता व मनोज आदि का कहना है कि उन्होंने इस मसले पर मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है।

