मेरठ-करनाल हाईवे पर किसानों का प्रदर्शन, जाम लगाया

farmers strike

शामली। मेरठ-करनाल हाईवे के बिडौली पुल पर भाकियू कार्यकर्ताओं ने किसानों के साथ मिलकर जाम लगा दिया। किसानों का आरोप है कि हरियाणा सरकार यूपी के किसानों की धान की फसल को मंडी तक नहीं पहुंचने दे रही है। पुल पर ही किसानों के वाहनों को रोक दिया जा रहा है। जिसका विरोध करते हुए किसानों ने जाम लगाया। किसानों के जाम के कारण मरीज को अस्पताल ले जाने वाली एम्बुलेंस भी करीब एक घंटे तक जाम में फंसी रही। दोनों राज्यों के लोग जाम में फंसे है।

हरियाणा प्रशासन ने बाॅर्डर पर पिछले एक सप्ताह से यूपी के बाॅर्डर के निकटवर्ती इलाकों से अनाज मंडी में जाने वाली धान की फसल के वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा रखी है। अभी तक किसान अपने स्तर पर हरियाणा सरकार व प्रशासन का विरोध कर रहे थे और फसल को हरियाणा मंडी में बेचने के लिए वाहनों पर लगी रोक को हटाने की मांग कर रहे थे। मंगलवार को शामली जिला प्रशासन के आग्रह पर करनाल प्रशासन ने रोक हटा दी थी। लेकिन बुधवार को किसानों को बाॅर्डर पर फिर से रोक दिया गया।

जिसके बाद भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले सैकड़ों की संख्या में किसान बाॅर्डर पहुंचे और पुल के बीचोबीच दरा बिछाकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। किसानों का कहना है कि जब तक किसानों की संपूर्ण फसल को हरियाणा मंडी में बेचे जाने का आश्वासन सरकार नहीं देगी तब तक जाम लगाए रखेंगे। किसान के प्रदर्शन के कारण वाहनों की लंबी कतार लग गई। झिंझाना थाना पुलिस किसानों को समझाने का प्रयास कर रही है।

advertisement at ghamasaana