नई दिल्ली। दिल्ली में सुबह साढ़े चार बजे पुलिस की कार्रवाई को लेकर कांग्रेस ने नाराजगी जताई है। भारतीय युवा कांग्रेस (IYC) के अध्यक्ष उदयभानु चिब, पार्टी के अन्य नेताओं और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं को संसद मार्ग थाने के बाहर से हिरासत में लिया गया। कांग्रेस का आरोप है कि कार्यकर्ता रातभर एफआईआर दर्ज कराने की मांग कर रहे थे, लेकिन सुबह उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
कांग्रेस नेताओं ने एनएसयूआई की महिला कार्यकर्ताओं रितु बराला और अथिरा विजयन के साथ कथित पुलिस दुर्व्यवहार पर सवाल उठाए हैं। यह मामला मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर मंगलवार को हुए एनएसयूआई के प्रदर्शन के बाद सामने आया। प्रदर्शन के दौरान रितु बराला और एक महिला पुलिसकर्मी के बीच मारपीट की घटना हुई थी।
कांग्रेस नेता बीवी श्रीनिवास ने पुलिस कार्रवाई का वीडियो साझा करते हुए आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस को भाजपा मुख्यालय के बजाय देश की जनता के प्रति जवाबदेह होना चाहिए। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इशारे पर महिला कार्यकर्ताओं के साथ ज्यादती किए जाने का आरोप भी लगाया। श्रीनिवास ने चेतावनी दी कि मामले में एफआईआर दर्ज नहीं हुई तो पार्टी सड़कों पर विरोध करेगी।
राहुल गांधी के सामने रितु ने बताई आपबीती
बुधवार को राहुल गांधी के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में रितु बराला ने प्रदर्शन के दौरान अपने साथ हुए कथित दुर्व्यवहार का जिक्र किया। रितु राजस्थान के झुंझुनूं की रहने वाली हैं और राजस्थान विश्वविद्यालय की छात्र राजनीति में सक्रिय रही हैं। राहुल गांधी ने उन्हें ‘शेरनी’ कहा। डर लगने के सवाल पर रितु ने कहा कि उन्हें डर नहीं लगा।
अथिरा की शिकायत पर जीरो एफआईआर
केरल की कानून की छात्रा और एनएसयूआई कार्यकर्ता अथिरा विजयन की शिकायत पर जीरो एफआईआर दर्ज की गई है। उन्होंने पुलिसकर्मियों पर मारपीट का आरोप लगाया है। शिकायत के मुताबिक, उनके शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं और उनका दिल्ली के हार्डिंग अस्पताल में इलाज चल रहा है।
तिरंगा यात्रा से पहले सुरक्षा कड़ी
उधर, 16 अक्टूबर को कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की प्रस्तावित ‘लहरा दो तिरंगा’ यात्रा से पहले नई दिल्ली में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। एनडीएमसी ने कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क को दो दिन के लिए बंद रखने का नोटिस जारी किया है। पुलिस ने लोगों से क्षेत्र से दूर रहने की अपील की है। सीजेपी नेता अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया है कि सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी उनका पीछा कर रहे हैं।

