देहरादून। एग्रीगेटर पॉलिसी का उल्लंघन कर ऑनलाइन टिकटों की बुकिंग कर रही निजी वॉल्वो कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई के बाद अब उत्तराखंड परिवहन निगम के साथ ही यूपी और राजस्थान परिवहन निगम के खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी है। जल्द ही उत्तराखंड परिवहन निगम समेत तीनों परिवहन निगमों को नोटिस जारी किया जाएगा।
परिवहन निगम के प्रावधानों के अनुसार सरकारी परिवहन निगमों या निजी बस संचालकों द्वारा गाड़ियों में सीटों की ऑनलाइन बुकिंग की जाती है तो इसके लिए एग्रीगेटर पॉलिसी के तहत परिवहन विभाग से न सिर्फ लाइसेंस लेना होता है वरन निर्धारित शुल्क भी जमा कराना होता है। राजधानी देहरादून के अलावा हरिद्वार, ऋषिकेश समय राज्य के कई शहरों से तमाम ऐसी निजी वोल्वो बसें संचालित की जा रही थीं जो सीटों की ऑनलाइन बुकिंग कर रही थीं।
रेड बस जैसी जिन कंपनियों के जरिये गाड़ियों सीटों की बुकिंग कराई जा रही थी ऐसे में परिवहन विभाग ने कंपनियों व बस संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की थी। ऐसे में कई बस संचालकों ने शिकायत दर्ज कराई कि जब उनके खिलाफ कार्रवाई हो सकती है तो उत्तराखंड, यूपी और राजस्थान परिवहन निगमों के खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए। आरटीओ संदीप सैनी का कहना है कि तमाम पहलुओं पर विचार विमर्श किया जा रहा है। जल्द ही उत्तराखंड परिवहन निगम के साथ ही यूपी और राजस्थान परिवहन नियमों को नोटिस जारी किया जाएगा।

