लेयर आर कंपनी के बॉडी स्प्रे के आपत्तिजनक विज्ञापन को सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने बैन करने का आदेश दिया है। साथ ही ट्विटर, यूट्यूब और बाकी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से विज्ञापन हटाने को कहा है। कंपनी के दो विज्ञापनों पर लोग काफी भड़के हुए थे, लोगों ने भारतीय विज्ञापन मानक परिषद को सोशल मीडिया पर टैग करके विज्ञापन को बंद करने की मांग की थी। सरकार ने मामले की जांच के लिए एक कमेटी बनाई है।
इन विज्ञापनों को देखने के बाद सोशल मीडिया पर लोग भड़के हुए हैं। उनका कहना है कि इस तरह के विज्ञापन रेप कल्चर को बढ़ावा दे रहे हैं, विज्ञापनों लेकर कई यूजर्स ने सोशल मीडिया को टैग करके कहा था कि इस तरह के विज्ञापन को बंद किया जाए।
इसके जवाब में एएससीआई ने लिखा था कि हमें टैग करने के लिए धन्यवाद, यह विज्ञापन नियमों का उल्लंघन है। हमने इस पर तत्काल कार्रवाई की है, कंपनी से विज्ञापन को हटाने के लिए कहा है और आगे की जांच की जा रही है।
पहले विज्ञापन में एक स्टोर पर चार लड़के बातचीत कर रहे हैं। चारों लड़के परफ्यूम की आखिरी बची हुई बोतल देखते हैं, और आपस में चर्चा करते हुए बोलते हैं कि हम चार हैं और शॉट सिर्फ एक है तो इसे कौन लेगा लेकिन इस बातचीत के दौरान विज्ञापन में बॉडी स्प्रे की जगह एक लड़की को दिखाया गया है। लड़की पीछे मुड़ती है, और चारों लड़कों पर गुस्सा करती है। क्योंकि उसे लगता है कि वे उसी के बारे में बात कर रहे हैं।
दूसरा विज्ञापन बेडरूम में एक कपल के साथ शुरू होता है। अचानक से लड़के के चार दोस्त कमरे में घुसते हैं और बेहद ही भद्दा सवाल पूछते हुए बोलते हैं कि लगता है शॉट मारा। अब हमारी बारी, मगर इसी विज्ञापन को पूरा देखने पर मालूम पड़ता है कि दोस्त सिर्फ पूछ रहे थे कि क्या वे कमरे में रखे शॉट परफ्यूम का इस्तेमाल कर सकते हैं, लेकिन जैसे ही इसे लोगों ने देखे तो बवाल मचना शुरू हो गया।

