- नगर कोतवाली क्षेत्र के पुल जोगियान पर मामूली कहासुनी के बाद हुई वारदात
- इलाज के दौरान जिला अस्पताल में तोड़ा दम, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
सहारनपुर। नगर कोतवाली क्षेत्र में रविवार रात एक रिक्शा चालक की उसकी ही सवारी ने चाकू मारकर हत्या कर दी। मामूली कहासुनी के बाद आरोपी ने चालक पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल चालक को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से भाग गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
वारदात जोगियान पुल स्थित एसबीआई बैंक के सामने रविवार रात हुई। मृतक की पहचान रसूलपुर दानिश कॉलोनी निवासी साहिद के रूप में हुई है। बताया गया कि साहिद ई-रिक्शा में एक युवक को लेकर जा रहा था। रास्ते में किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर सवारी ने चाकू निकालकर साहिद पर कई वार कर दिए और मौके से भाग गया। सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल भिजवाया, लेकिन उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। सीओ प्रथम रविकांत पाराशर ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

