सहारनपुर । देवबंद के निहालखेड़ी गांव में रीना (38) का शव कमरे में पलंग पर पड़ा मिला। चेहरे और गले पर चोट के निशान थे। पुलिस समेत फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्राथमिक जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है।
रीना अलग मकान में रहती थी। शनिवार को उसका शव कमरे में पलंग पर पड़ा मिला। गांव की एक महिला जब उसे जगाने पहुंची तो घटना की जानकारी हुई। मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच करते हुए वहां से साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में ले लिया। रीना के चेहरे और गले पर चोट के निशान थे। उसके मुहं से खून भी निकल रहा था। रीना के पति की कई वर्ष पूर्व जबकि छह माह पूर्व उसके छोटे बेटे की बीमारी के चलते मौत हुई थी।
जिसके बाद से रीना गहरे सदमे में थी। वह मेडिकल कॉलेज में साफ सफाई की नौकरी कर रही थी। बताया गया है उसका ससुराल के लोगों से पति के हिस्से की जमीन को लेकर विवाद भी चल रहा था। एसपी देहात मयंक पाठक का कहना है कि महिला के चेहरे और गले पर चोट के निशान मिले हैं। जांच के लिए पुलिस की पांच टीमें बनाई गई हैं। मायके पक्ष की तरफ से तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई के जाएगी।

