- हिंदू युवती के साथ छोले-भटूरे खा रहे जिम संचालक को खींचकर पीटा
- बीच-बचाव के दौरान युवती के साथ भी नोकझोंक, शामली के रहने वाले
मुजफ्फरनगर। जिला परिषद मार्केट के पास दुकान में हिंदू युवती के साथ छोले भटूरे खा रहे शामली के थानाभवन के रहने वाले जिम संचालक पर बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने हमला कर दिया। कोर्ट रोड पर खींचकर पीटा गया। बीच-बचाव कराने आई युवती के साथ भी खींचतान हुई। मौके पर सैंकड़ों लोग जमा हो गए। पुलिस ने जिम संचालक को सिविल लाइन थाने ले गई।युवती का कहना है कि वह जिम संचालक के साथ अपनी मां की दवाई लेने के लिए आई थी। पुलिस ने युवती की ओर से गौरव शर्मा,कुशलवीर,शुभम,प्रशांत शर्मा व लोकेश सैनी व 10,12 अज्ञात के खिलाफ छेड़खानी, मारपीट व अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली।
रविवार शाम छोले-भटूरे की दुकान पर बजरंग दल कार्यकर्ता पहुंचे। यहां छोले-भटूरे खा रहे युवक से नाम पूछा। आरोप है कि युवक ने अपना नाम आशु शर्मा बताया। युवती ने भी अपने परिजनों से बात कराने से इंन्कार कर दिया।
इस बीच युवक की पहचान थानाभवन के जिम संचालक महताब के रूप में होने पर बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने हंगामा शुरू कर दिया। महताब को दुकान के बाहर खींच लिया और उसकी पिटाई की गई। युवती ने बीच-बचाव का प्रयास किया, इस दौरान पुलिस के सामने युवती ने बताया कि वह शामली के गांव की रहने वाली है और जिस संचालक को जानती है। उसकी मां बीमार है, जिस कारण वह उसके साथ जिला परिषद मार्केट से दवाई लेने आई थी। दोनों दुकान पर छोले-भटूरे खाने लगे, इसी दौरान यह हंगामा हुआ।
बजरंग दल के जिला संयोजक रवि चौधरी का कहना हैं कि युवक दुकान पर गलत हरकत कर रहा था। संगठन के कार्यकर्ताओं ने नाम पूछा तो गलत बताया। एसपी सिटी अमित जैन का कहना हैं कि युवक को पीटा गया है। युवती की तहरीर पर मारपीट करने वालो के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की हैं।

